Site icon Revoi.in

मुलायम सिंह यादव को मरणोपरांत पद्म विभूषण अलंकरण, बेटे अखिलेश यादव ने लिया सम्मान

Social Share

नई दिल्ली, 5 अप्रैल। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बुधवार की शाम राष्ट्रपति भवन में दूसरे नागरिक अलंकरण समारोह में 2023 के पद्म पुरस्कार प्रदान किए। इस क्रम में समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव को मरणोपरांत पद्म विभूषण से अलंकृत किया गया। मुलायम सिंह के बेटे और मौजूदा सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने यह सम्मान ग्रहण किया। मुलायम सिंह यादव का लंबी बीमारी के बाद पिछले साल अक्टूबर में निधन हो गया था।

उल्लेखनीय है कि पद्म विभूषण देश का दूसरा सर्वोच्च नागरिक सम्मान है। वर्ष 2023 में कुल 106 लोगों को पद्म पुरस्कार से सम्मानित किया गया है, जिनमें छह पद्म विभूषण, 9 पद्म भूषण और 91 पद्मश्री सम्मान शामिल हैं। राष्‍ट्रपति ने पहले नागरिक अलंकरण समारोह में गत 22 मार्च को तीन पद्म विभूषण, चार पद्म भूषण और 47 पद्मश्री पुरस्‍कार प्रदान किए थे। अन्य लोगों को आज सम्मानित किया गया।

राष्ट्रपति मुर्मू ने दिवंगत मुलायम सिंह के अलावा मशहूर चिकित्सक दिलीप महालनाबिस को भी मरणोपरांत पद्म विभूषण से सम्मानित किया। महालनाबिस के भतीजे डॉ. सुसम गुप्ता ने यह सम्मान ग्रहण किया।

वहीं पांच हस्तियों – उपन्यासकार एस. एल. भैरप्पा, प्रोफेसर दीपक धर, श्रीमती वाणी जयराम (मरणोपरांत), श्रीमति सुधा मूर्ति व श्री श्री त्रिडंदी चिन्ना जियर स्वामीजी को पद्म भूषण से अलंकृत किया गया जबकि डॉ. सुकामा आचार्य, प्रेमजीत बारिया व हेमंत चौहान व अन्य हस्तियों को पद्मश्री से सम्मानित किया गया।

ये पुरस्‍कार उप राष्‍ट्रपति जगदीप धनखड, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, लोकसभा अध्‍यक्ष ओम बिरला, गृह मंत्री अमित शाह, सूचना और प्रसारण मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर तथा अन्‍य गण्‍यमान्‍य व्‍यक्तियों की उपस्थिति में प्रदान किए गए।

देश के सर्वोच्‍च नागरिक पुरस्‍कार पद्म पुरस्‍कार विभिन्‍न क्षेत्रों और कला, सामाजिक कार्य, जनसेवा, विज्ञान और इंजीनियरिंग, व्‍यपार और उद्योग, औषध, साहित्‍य और शिक्षा, खेल, प्रशासनिक सेवा जैसी विभिन्‍न गतिविधियों के लिए तीन श्रेणियों – पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्मश्री के रूप में दिए जाते हैं।