Site icon Revoi.in

मोदी 3.0 कैबिनेट में विभागों का बंटवारा : राजनाथ सिंह व अमित शाह सहित कुछ शीर्ष मंत्रियों के विभाग यथावत

Social Share

नई दिल्ली, 10 जून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुआई में लगातार तीसरी बार राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) सरकार के शपथ ग्रहण के एक दिन बाद सोमवार को मंत्रियों के विभागों का बंटवारा कर दिया गया। पोर्टफोलियो की खास बात यह रही कि राजनाथ सिंह, अमित शाह, नितिन गडकरी, डॉ. एस जयशंकर और निर्मला सीतारमण सहित कुछ शीर्ष मंत्रियों के मंत्रालय यथावत रखे गए हैं।

 

जेपी नड्डा नए स्वास्थ्य मंत्री बनाए गए

पीएम मोदी ने अमित शाह का गृह मंत्रालय बरकरार रखा है जबकि राजनाथ सिंह फिर रक्षा मंत्रालय देखेंगे। नितिन गडकरी सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री के पद पर बने रहेंगे जबकि एस जयशंकर मोदी 3.0 में भी विदेश मंत्री बनाए गए हैं और निर्मला सीतरमण फिर वित्त मंत्रालय संभालेंगी। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा नए स्वास्थ्य मंत्री बनाए गए हैं। अजय टम्टा और हर्ष मल्होत्रा को सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय के राज्य मंत्री होंगे।

चिराग संभालेंगे खेल, खट्टर को आवास के साथ ऊर्जा मंत्रालय भी मिला

लोक जनशक्ति पार्टी (LJP) के प्रमुख चिराग पासवान को खेल मंत्री बनाया गया है। चिराग इस बार अनुराग ठाकुर की जगह लेंगे, जिन्हें इस बार मोदी कैबिनेट में जगह नहीं दी गई है।  हरियाणा के पूर्व सीएम मनोहर लाल खट्टर को दो मंत्रालय दिए गए हैं खट्टर आवास और ऊर्जा मंत्रालय संभालेंगे। श्रीपद नाइक ऊर्जा राज्य मंत्री बनाए गए हैं। तोखन साहू आवास राज्य मंत्री होंगे।

शिवराज सिंह चौहान और अश्विनी वैष्णव भी देखेंगे दो-दो मंत्रालय

मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान को कृषि और किसान कल्याण मंत्रालय सौंपा गया है। शिवराज सिंह चौहान  पंचायत और ग्रामीण विकास मंत्री भी बनाए गए हैं। मोदी सरकार 2.0 में रेल मंत्रालय संभालने वाले अश्विनी वैष्णव को रेलवे के साथ सूचना व प्रसारण मंत्रालय भी दिया गया है।

सिंधिया को इस बार दूरसंचार, नायडू नए नागरिक उड्डयन मंत्री

ज्योतिरादित्य सिंधिया को इस बार नागरिक उड्डयन के बजाय दूरसंचार मंत्रालय दिया गया है जबकि राममोहन नायडू नए नागरिक उड्ययन मंत्री होंगे। बिहार के पूर्व सीएम और HAM पार्टी के अध्यक्ष जीतन राम मांझी को सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योग मंत्रालय दिया गया है। 79 साल के मांझी मोदी सरकार 3.0 में के सबसे वरिष्ठ सदस्य हैं। शोभा करंदलाजे राज्य मंत्री बनाई गई हैं।

मांडविया श्रम व रोजगार मंत्री, अन्नपूर्णा के जिम्मे महिला व बाल विकास

मनसुख मांडविया को श्रम और रोजगार मंत्री बनाया गया है। रवनीत सिंह बिट्टू को अल्पसंख्यक मामलों के विभाग में राज्य मंत्री बनाया गया है। वहीं, सुरेश गोपी और राव इंद्रजीत सिंह को संस्कृति व पर्यटन मंत्रालय में राज्य मंत्री बनाया गया है। अन्नपूर्णा देवी यादव को महिला और बाल विकास मंत्री बनाया गया है। अब तक स्मृति ईरानी इस मंत्रालय की जिम्मेदारी संभाल रही थीं, जिन्हें इस बार अमेठी में कांग्रेस के किशोरी लाल शर्मा से मात खानी पड़ी है।

मोदी मंत्रिमंडल की पूरी सूची

उल्लेखनीय है कि रविवार को नरेंद्र मोदी ने तीसरी बार पीएम पद की शपथ ली थी। उनके साथ-साथ 71 मंत्रियों ने भी शपथ ली थी। इनमें 30 कैबिनेट मंत्री, 5 स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्री और 36 राज्य मंत्री शामिल हैं।