Site icon Revoi.in

पीएनबी घोटाला : डोमिनिका के मजिस्ट्रेट कोर्ट ने खारिज की भगोड़े मेहुल चोकसी जमानत याचिका

Social Share

नई दिल्ली, 3 जून। पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) के 13,500 करोड़ रुपये घोटाले में वांछित भगोड़े हीरा कारोबारी मेहुल चोकसी के तत्काल प्रत्यर्पण में अब भी असमंजस की स्थिति बनी हुई है। हालांकि डोमिनिका की जेल में बंद मेहुल को बुधवार को आघात लगा, जब एक मजिस्ट्रेट अदालत ने देश में अवैध प्रवेश के मामले में उसकी जमानत अर्जी खारिज कर दी। बीते दिनों चोकसी एंटीगा से अचानक लापता होने के बाद डोमिनिका में पकड़ा गया था।

इस बीच मेहुल चोकसी के भारत में वकील विजय अग्रवाल ने मजिस्ट्रेट कोर्ट के फैसले के बाद कहा कि वह मेहुल की जमानत के लिए ऊपरी अदालत का दरवाजा खटखटाएंगे। वकील ने आरोप लगाया कि उनके मुवक्किल को एंटीगा के जॉली हार्बर से अगवा किया गया और उसे करीब 100 नॉटिकल मील दूर एक नौका से डोमिनिका ले जाया गया।

वस्तुतः डोमिनिका के उच्च न्यायालय की न्यायाधीश बर्नी स्टीफेंसन ने चोकसी की बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका पर करीब तीन घंटे तक सुनवाई के बाद उसे मजिस्ट्रेट अदालत में पेश किए जाने का आदेश जारी किया था। इस आदेश के बाद चोकसी को देश में अवैध रूप से घुसने के आरोपों का जवाब देने के लिए मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया गया था। चोकसी ह्वील चेयर पर मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश हुआ। मजिस्ट्रेट कोर्ट में चोकसी ने दावा किया था कि उसे एंटीगा एंड बारबुडा से अपहरण कर जबरन कैरीबियाई द्वीप देश में लाया गया।

डोमिनिका हाई कोर्ट से आज आ सकता है फैसला

इस बीच उच्च न्यायालय ने गुरुवार तक बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका पर सुनवाई स्थगित कर दी। चोकसी की दलीलें खारिज करते हुए उच्च न्यायालय में अभियोजन पक्ष ने कहा कि बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका टिकती ही नहीं है क्योंकि आरोपी अवैध रूप से देश में घुसा और फिर उसे हिरासत में ले लिया गया।

वकील ने कहा – मेहुल चोकसी की हिरासत अवैध

लेकिन वकील विजय अग्रवाल ने कहा, ‘हमारा मानना है कि मेहुल चौकसी अवैध हिरासत में है क्योंकि उसे 72 घंटे के अंदर मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया जाना था जबकि ऐसा नहीं किया गया। इससे उनके रुख की पुष्टि हुई है।’

उन्होंने कहा, ‘जिस विषय की सुनवाई की जा रही है, वह बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका है न कि भारत में उसे प्रत्यर्पित करने का विषय। उसकी नागरिकता का विषय अदालत के सामने नहीं है। मीडिया की विभिन्न खबरों के विपरीत भारत सरकार के बारे में कोई चर्चा ही नहीं हुई।’

चोकसी गत 23 मई को एंटीगा से लापता हुआ था

गौरतलब है कि गत 23 मई को चोकसी एंटीगा से रहस्यमय तरीके से लापता हो गया था, जहां वह 2018 से एक नागरिक के रूप में रह रहा था। उसे पड़ोसी डोमिनिका में अवैध रूप से प्रवेश करने पर हिरासत में लिया गया था। वह अपनी महिला मित्र के साथ कथित तौर पर रोमांटिक तरीके से भागा था। हालांकि चोकसी की पत्नी प्रीति ने कहा कि जिस महिला की चर्चा की जा रही है, वह गर्लफ्रेंड नहीं है। प्रीति के अनुसार महिला चोकसी की परिचित थी और वह उसके साथ घूमने जाती थी।