अबू धाबी, 15 मई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की संयुक्त अरब अमीरात (UAE) यात्रा के दौरान शुक्रवार को भारत और यूएई के बीच कई महत्वपूर्ण समझौते हुए। इनमें द्विपक्षीय रणनीतिक रक्षा साझेदारी, एलपीजी आपूर्ति, रणनीतिक पेट्रोलियम रिजर्व तथा भारत के आरबीएल बैंक, सम्मान कैपिटल और इंफ्रास्ट्रक्चर क्षेत्र में पांच अरब डॉलर के निवेश से जुड़े समझौते शामिल हैं।
वाडिनार में शिप रिपेयरिंग क्लस्टर पर समझौता
दोनों देशों के बीच गुजरात के वाडिनार में शिप रिपेयरिंग क्लस्टर स्थापित करने को लेकर भी समझौता हुआ। इस पहल को समुद्री व्यापार और लॉजिस्टिक्स सहयोग को बढ़ाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
भारत हर परिस्थिति में यूएई के साथ : पीएम मोदी
अबू धाबी में प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ‘भारत हर परिस्थिति में संयुक्त अरब अमीरात के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है और आगे भी खड़ा रहेगा। शांति और स्थिरता की बहाली के लिए भारत हर संभव सहयोग देगा।’ उन्होंने कहा कि होर्मुज स्ट्रेट का ‘स्वतंत्र और खुला’ रहना बेहद महत्वपूर्ण है और अंतरराष्ट्रीय कानूनों का सम्मान किया जाना चाहिए।
This UAE visit also saw the conclusion of key agreements across vital areas such as energy, defence, infrastructure, shipping and advanced technology, giving fresh impetus to the India-UAE Comprehensive Strategic Partnership. In another important development, UAE announced… pic.twitter.com/SMdxpsM0ka
— Narendra Modi (@narendramodi) May 15, 2026
रणनीतिक साझेदारी को नई ऊंचाइयों पर ले जाने पर जोर
पीएम मोदी ने यूएई के राष्ट्रपति मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान को भारत-यूएई व्यापक रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों में दोनों देशों के सहयोग का महत्व और बढ़ गया है। उन्होंने कहा कि जनवरी में यूएई राष्ट्रपति की भारत यात्रा के दौरान दोनों देशों ने संबंधों को गुणात्मक रूप से उन्नत करने पर सहमति जताई थी और कम समय में ही कई क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति हुई है।
प्रधानमंत्री ने कहा, ‘हमारी व्यापक रणनीतिक साझेदारी को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए मैं आपको हार्दिक धन्यवाद देता हूं। इतने कम समय में भी हमने सभी क्षेत्रों में महत्वपूर्ण प्रगति की है। आने वाले समय में हम हर क्षेत्र में साथ मिलकर आगे बढ़ेंगे।’
Had excellent discussions with my brother, His Highness Sheikh Mohamed bin Zayed Al Nahyan. Reiterated our strongest condemnation of the attacks on the UAE. Also appreciated my brother’s leadership, courage and wisdom, which have been evident throughout this period. Expressed… pic.twitter.com/3mGfCh7vZU
— Narendra Modi (@narendramodi) May 15, 2026
पश्चिम एशिया के हालात पर जताई चिंता
पीएम मोदी ने कहा कि पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष का असर वैश्विक स्तर पर महसूस किया जा रहा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि संवाद और कूटनीति ही समस्याओं के समाधान का सर्वोत्तम माध्यम हैं।
इससे पहले पीएम मोदी शुक्रवार सुबह यूएई पहुंचे, जहां उनका औपचारिक स्वागत किया गया। बाद में उन्होंने राष्ट्रपति मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान के, जिन्हें लोकप्रिय रूप से एमबीजेड कहा जाता है, साथ द्विपक्षीय वार्ता की।
पांच देशों की यात्रा पर हैं पीएम मोदी
उल्लेखनीय है कि पीएम नरेंद्र मोदी 15 से 20 मई तक पांच देशों – संयुक्त अरब अमीरात, नीदरलैंड्स, स्वीडन, नॉर्वे और इटली की यात्रा पर हैं। इस यात्रा का उद्देश्य ऊर्जा, रक्षा, टेक्नोलॉजी, ग्रीन ट्रांजिशन और व्यापार जैसे प्रमुख क्षेत्रों में भारत की रणनीतिक और आर्थिक साझेदारियों को मजबूत करना है।

