Site icon Revoi.in

पीएम मोदी का केजरीवाल पर तंज – भ्रष्टाचार मिटाने के नाम पर आए थे, अब जेल के चक्कर लगा रहे

Social Share

नई दिल्ली, 18 मई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को राष्ट्रीय राजधानी के उत्तर पूर्वी दिल्ली लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र की एक एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस व समूचे इंडी गठबंधन पर प्रहार जारी रखा और राज्यसभा सदस्य स्वाति मालीवाल के साथ हुई कथित मारपीट व कथित शराब घोटाले को लेकर जारी सियासी सरगर्मी के बीच आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल को भी निशाने पर लिया।

इंडी गठबंधन को एक भी वोट नहीं जाना चाहिए

पीएम मोदी ने अपने संबोधन में देश और दिल्ली के विकास के मुद्दों की चर्चा की और अपनी सरकार की उपलब्धियों का जिक्र किया। उन्होंने कांग्रेस, आम आदमी पार्टी, अरविंद केजरीवाल और इंडिया गठबंधन को निशाने पर लेते हुए कहा कि इंडी गठबंधन को एक भी वोट नहीं जाना चाहिए। उनका (कांग्रेस) घोषणा-पत्र मुस्लिम लीग से प्रेरित है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि इंडी गठबंधन दिल्ली को तबाह करने में जुटा है। ये लोग राजनीति के लगातार हो रहे पतन के जिम्मेदार हैं। ये लोग करोड़ों देशवासियों का भरोसा तोड़ने के लिए जिम्मेदार है। ये लोग दिल्ली को लूटने का कोई मौका नहीं छोड़ते हैं। ये लोग (केजरीवाल और आम आदमी पार्टी) भ्रष्टाचार मिटाने के नाम पर आए थे। अब करोड़ों रुपये के घोटाले में जेल के चक्कर लगा रहे हैं। कांग्रेस तो पूरी तरह बेनकाब हो गई है। पहले कांग्रेस वाले क्रेडिट लेने की होड़ में रहते थे।

एक भ्रष्टाचारी दूसरे भ्रष्टाचारी को कवर दे रहा

पीएम मोदी ने कहा, ‘कांग्रेस के लोग पहले कहते थे कि शराब घोटाले का पर्दाफाश करने का क्रेडिट कांग्रेस को जाता है। फिर शाही परिवार के कहने पर भ्रष्टाचारी को ही गले लगा लिया। आलम यह है कि कांग्रेस के स्थानीय नेताओं को भी समझ नहीं आ रहा है कि करें तो क्या करें। दिल्ली-हरियाणा में दोस्ती और पंजाब में कुश्ती… यह ढोंग कब तक चलेगा। दुनिया देख रही है कि कैसे एक भ्रष्टाचारी दूसरे भ्रष्टाचारी को कवर दे रहा है।’

कांग्रेस में दिल्ली की 4 सीटों पर भी लड़ने की ताकत नहीं बची

उन्होंने कहा, ‘कांग्रेस की चार पीढ़ियों ने दिल्ली पर राज किया, लेकिन आज हाल देखिए कि इनमें दिल्ली की चार सीट पर लड़ने की ताकत तक नहीं बची। कांग्रेस वहां भी नहीं लड़ पा रही है, जहां इनका 10 जनपथ का दरबार है। यह गठबंधन मौका परस्त है। यह तुष्टिकरण के लिए देश में हिंसा फैला सकता है। आपको याद होगा, जब सीएए कानून आया था, तब इन्होंने दिल्ली को महीनों के लिए बंधक बना दिया था। पहले रास्ते रोके, फिर दंगे कराए। इनके झूठ का पर्दाफाश आज हो चुका है। दिल्ली में वर्षों से रह रहे शरणार्थियों को नागरिकता मिल रही है।’

राजनीतिक स्वार्थ में लोगों के स्वास्थ्य को भी दावं पर लगाया

पीएम ने कहा कि इंडी गठबंधन वालों ने अपने राजनीतिक स्वार्थ में आपके स्वास्थ्य को भी दांव पर लगा दिया। जहां केंद्र सरकार के अस्पतालों में पांच लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज हो रहा है वहीं दिल्ली में आयुष्मान भारत योजना पर रोक लगा रखी है। लेकिन मोदी ने तय किया है कि हर परिवार के 70 वर्ष की आयु से ऊपर के बुजुर्गों को मुफ्त इलाज की सुविधा मिलेगी। इससे परिवार के खर्च में बहुत बड़ी राहत होगी, लेकिन इसका फायदा दिल्ली के अस्पतालों में नहीं मिल पाएगी। ये लोग भारत सरकार की एक भी योजना का लाभ दिल्ली के लोगों को नहीं लेने देना चाहते हैं। जब 24 घंटे दिमाग में वोट बैंक चलता हो तो ना इस तरह की योजना संभव होती हैं और न ही विकास का कोई अता पता होता है। इंडी गठबंधन का यही हाल है।

तुष्टीकरण के लिए सारी हदें पार कर चुके है ये लोग

प्रधानमंत्री ने कहा कि ये लोग तुष्टीकरण के लिए सारी हदें पार कर चुके हैं। इनका घोषणा पत्र देखिए। ऐसा लगता है, जैसे मुस्लिम लीग के दबाव में तैयार किया है। ये लोग खतरनाक खेल खेलने जा रहे हैं। घोषणा पत्र में लिखा है कि अब सरकार टेंडरों को धर्म के आधार पर देना चाहती है। यह देश के बजट को भी धर्म के आधार पर देना चाहते हैं। कांग्रेस के शहजादे आपकी संपत्ति की एक्सरे कराकर, आपके घर पर छापामार कर आपकी संपत्ति का आधा हिस्सा वोट बैंक को देना चाहते है। ये लोग बीते कई वर्षों से ऐसा करते आ रहे हैं।

संपत्तियों को रातों-रात वक्फ बोर्ड को सौंप दी

पीएम मोदी ने कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह की रिमोट वाली सरकार ने वोट बैंक के लिए वर्ष 2014 में वोट जिहाद वालों से सौदा किया। देश और दिल्ली में 123 संपत्तियों को रातों-रात वक्फ बोर्ड को सौंप दी गई। ये वो संपत्तियां है, जिनकी एक गज की कीमत लाखों में है। क्या इस लूट को दिल्ली के लोग बर्दाश्त करेंगे क्या?

उन्होंने कहा कि यह मौका परस्त गठबंधन तुष्टीकरण के लिए देश में हिंसा भी फैला सकता है। याद कीजिए सीएए कानून आया था, जिसके विरोध में दिल्ली को महीनों तक बंधक बनाए रखा। पहले रास्ते रोके और फिर दंगे कराए। आज पूरा देश देख रहा है कि इनके झूठ का पर्दाफाश हो चुका है। दिल्ली में कई वर्षों से रह रही शरणार्थियों को अब भारत की नागरिकता मिल रही है। अभी दो परिवार यहां थे। उन्हें नागरिकता मिली तो खुशी जताने के लिए आए थे।