Site icon Revoi.in

पीएम मोदी का 15 सितंबर को झारखंड दौरा, राज्य को वंदे भारत ट्रेनों की देंगे सौगात

Social Share

नई दिल्ली, 9 सितंबर। वंदे भारत ट्रेन ने देश में यात्रा को और सुगम बनाने का काम किया है। इसलिए अलग-अलग राज्यों और प्रमुख शहरों को वंदे भारत ट्रेन के जरिए कनेक्टिविटी बढ़ाई जा रही है।

इसी कड़ी में पीएम मोदी 15 सितंबर को झारखंड के जमशेदपुर आएंगे। वे झारखंड को वंदे भारत ट्रेन की सौगात देंगे। वे संताल परगना से शुरू होने वाली दो वंदे भारत ट्रेनों को जमशेदपुर से हरी झंडी दिखाएंगे। इसके साथ ही जमशेदपुर से देश के अलग-अलग राज्यों के लिए 10 बंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। इसके साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभुकों को पहली किस्त की राशि भी जारी करेंगे।

• इन शहरों के बीच चलेगी वंदे भारत ट्रेन
पीएम मोदी देवघर से बनारस और गोड्डा से रांची वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। साथ ही एक अन्य ट्रेन, जो कि बिहार के भागलपुर से चलकर पश्चिम बंगाल के हावड़ा जाएगी।

यह ट्रेन हंसडीहा और दुमका होते हुए हावड़ा प्रस्थान करेगी। संताल परगना में गुजरने वाली तीन वंदे भारत ट्रेन के शुरू होने से यात्रियों को फायदा होगा।
देवघर से बनारस वंदे भारत ट्रेन के परिचालन शुरू होने से लोगों में उत्साह है। बैद्यनाथ धाम से काशी विश्वनाथ ज्योतिर्लिंग के बीच सीधी ट्रेन शुरू हो जाने से श्रद्धालुओं में खुशी है। अब लोग कम समय में बनारस जा सकेंगे।

यह ट्रेन देवघर स्टेशन से दोपहर 3:15 बजे खुलेगी और गया के रास्ते बनारस रात 10:20 बजे पहुंचेगी। बनारस से यह ट्रेन सुबह 6:20 बजे खुलेगी और दोपहर 1:30 बजे देवघर पहुंचेगी।

• वंदे भारत ट्रेन के शुरू होने से यात्रा का समय होगा कम
गोड्डा के लोगों को पहली वंदे भारत का तोहफा मिलने जा रहा है। इससे पहले गोड्डा से रांची जाने के लिए दो ट्रेनें थीं लेकिन अब वंदे भारत ट्रेन के शुरू होने से यात्रा का समय ठोड़ा कम हो जाएगा।

जानकारी के मुताबिक गोड्डा स्टेशन से दोपहर 3:10 बजे वंदे भारत रांची के लिए खुलेगी, जो कि हंसडीहा में 3:48 बजे, दुमका 4:33 बजे, बासुकीनाथ 4:48 बजे, देवघर 5:12 बजे, जसीडीह 5:33 बजे खुलेगी। यह ट्रेन मधुपुर और महेशमुंडा के रास्ते रांची पहुंचेगी। रांची से यह ट्रेन सुबह पांच बजे खुलेगी और दोपहर 2:10 बजे पहुंचेगी।

भागलपुर से चलकर कोलकाता को जाने वाली वंदे भारत ट्रेन दुमका होकर गुजरेगी। यह ट्रेन भागलपुर से दोपहर 3:20 मिनट में खुलेगी और हंसडीहा होते हुए दुमका से शाम 5:20 मिनट में खुलेगी।

फिर रामपुरहाट होते हुए रात के 9:20 मिनट में हावड़ा पहुंचेगी। इस ट्रेन से दुमका से कोलकाता का सफर मात्र चार घंटे का रह जाएगा।