Site icon hindi.revoi.in

पीएम मोदी ने भारत की G20 प्रेसीडेंसी के लोगो, थीम और वेबसाइट का किया अनावरण

Social Share

नई दिल्ली, 8 नवम्बर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को भारत की जी20 प्रेसीडेंसी के लोगो, थीम और वेबसाइट का अनावरण किया। जी20 के लोगो में कमल के फूल पर पृथ्वी है। कमल के फूल में सात पत्तियां हैं, जो सात महाद्वीपों को दर्शाती हैं। उल्लेखनीय है कि भारत अब जी20 देशों की अध्यक्षता करेगा, जिसका कार्यकाल एक वर्ष रहेगा।

यह लोगो केवल एक प्रतीक चिह्न नहीं, एक संदेश है

पीएम मोदी ने लोगो की लॉन्चिंग के अवसर पर कहा, ‘G20 का यह लोगो केवल एक प्रतीक चिह्न नहीं है। यह एक संदेश है। यह एक भावना है, जो हमारी रगों में है। यह एक संकल्प है, जो हमारी सोच में शामिल रहा है।’

थीम में दिखाई दे रहा वसुधैव कुटुंबकम का विचार

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा, ‘वसुधैव कुटुंबकम के मंत्र के जरिए विश्व बंधुत्व की जिस भावना को हम जीते आए हैं, वो विचार इस लोगो और थीम में दिखाई दे रहा है। इस लोगों में कमल का फूल भारत की पौराणिक धरोहर है। यह हमारी आस्था, हमारी बौद्धिकता को चित्रित करती है। G20 लोगो में कमल का प्रतीक आशा का प्रतिनिधित्व करता है।’

आज विश्व में भारत को जानने, समझने की अभूतपूर्व जिज्ञासा

पीएम मोदी ने आगे कहा, ‘आज विश्व में भारत को जानने की, भारत को समझने की एक अभूतपूर्व जिज्ञासा है। आज भारत को एक नए आलोक में अध्ययन किया जा रहा है। हमारी वर्तमान समफलताओं का आकलन किया जा रहा है। हमारे भविष्य को लेकर अभूतपूर्व आशाएं प्रकट की जा रही हैं। भारत एक ओर विकसित देशों से घनिष्ठ रिश्ते रखता है और साथ ही विकासशील देशों के दृष्टिकोण को भी अच्छी तरह से समझता है, उसकी अभिव्यक्ति करता है। हमारा प्रयास रहेगा कि विश्व में कोई भी फर्स्ट वर्ल्ड या थर्ड वर्ल्ड न हो, बल्कि केवल वन वर्ल्ड हो।’

Exit mobile version