Site icon hindi.revoi.in

पंजाब में गरजे पीएम मोदी : AAP सरकार को बताया ‘कट्टर बेईमान’, ‘डबल इंजन’ सरकार की पुरजोर वकालत की

Social Share

चंडीगढ़, 17 जुलाई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पंजाब में प्रस्तावित आगामी विधानसभा चुनाव से पहले शुक्रवार को जालंधर में आयोजित एक जनसभा के दौरान सूबे की सत्ताधारी पार्टी पर अब तक का सबसे बड़ा हमला बोला और राज्य में ‘डबल इंजन’ सरकार की पुरजोर वकालत की।

किसानों के प्रतीक के रूप में हरे रंग की पारंपरिक सिख पगड़ी पहने पीएम मोदी ने हुंकार भरते राज्य में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार को ‘कट्टर बेईमान’ करार दिया। चुनावी माहौल को गर्माते हुए उन्होंने कांग्रेस और अकाली दल को सिर्फ कुर्सी का भूखा बताया और दावा किया कि पंजाब को बदहाली से निकालने के लिए यहां भाजपा की ‘डबल-इंजन’ सरकार बनना बेहद जरूरी है।

5,470 करोड़ रुपये से अधिक की रेल और सड़क परियोजनाओं की सौगात

चुनावी शंखनाद के बीच प्रधानमंत्री ने पंजाब के मतदाताओं को साधने के लिए 5,470 करोड़ रुपये से अधिक की रेल और सड़क बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की बड़ी सौगात भी दी। उन्होंने इसी कड़ी में दो नई रेल सेवाओं – जालंधर छावनी (कैंटोनमेंट) स्टेशन से करतौली पंजाब-अंबाला और जालंधर-वाराणसी को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। अमृतसर के छहरता से वाराणसी जाने वाली सर गोवर्धनपुर वाराणसी एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाने से पहले उन्होंने स्कूली बच्चों से बातचीत भी की।

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने भाषण की शुरुआत पंजाबी भाषा में की और वहां मौजूद लोगों का हालचाल पूछते हुए कहा कि वे सभी हमेशा की तरह पूरे उत्साह और चढ़दी कला में रहें। उन्होंने कहा – ‘कुछ समय पहले, मैं यहां श्री गुरु रविदास जी की जयंती समारोह में शामिल होने आया था और आज, हमारा जालंधर विकास का उत्सव मना रहा है। आज सुबह, जींद से मुझे देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन लॉन्च करने का मौका मिला। मुझे कुरुक्षेत्र में एक शानदार सिख संग्रहालय की आधारशिला रखने का भी मौका मिला। यह संग्रहालय हमारी गुरु परंपरा और गुरुओं की सीख को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने में बड़ी भूमिका निभाएगा।’

अमृतसर और काशी को जोड़ने वाली नई ट्रेन सेवा शुरू

विकास प्रयासों को और तेज करने का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि अब जालंधर से कई नई ट्रेन सेवाएं शुरू की गई हैं। अमृतसर और काशी को जोड़ने वाली एक ट्रेन सेवा भी शुरू हो चुकी है, जिससे गुरु रविदास जी के भक्तों के लिए पंजाब से काशी की यात्रा बहुत आसान हो जाएगी। इसके अलावा, उन्होंने आज ही दौलतपुर चौक और करतौली के बीच एक नई रेलवे लाइन का उद्घाटन होने, लुधियाना बाईपास का शिलान्यास किए जाने और दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे के एक अन्य खंड (सेक्शन) के उद्घाटन की जानकारी दी।

पंजाब में कई परियोजनाओं पर काम जारी

प्रधानमंत्री मोदी ने आगे कहा कि आज भारत सरकार पंजाब में कई कनेक्टिविटी बुनियादी ढांचा (इन्फ्रास्ट्रक्चर) परियोजनाओं पर काम कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भले ही पंजाब में भाजपा की सरकार नहीं है, लेकिन केंद्र की भाजपा नेतृत्व वाली एनडीए सरकार राज्य का विकास सुनिश्चित करने में कोई कसर नहीं छोड़ रही है। उन्होंने ‘स्वच्छता से स्वागत’ पहल के जरिए इस कार्यक्रम को और अधिक सार्थक बनाने के लिए जालंधर के लोगों की सराहना की।

नागरिक देवो भव के मंत्र से प्रेरित होकर काम कर रही केंद्र सरकार

पीएम मोदी ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार भारत के हर नागरिक की सेवा करने, उनके जीवन को आसान बनाने और उन्हें प्रगति के नए अवसर प्रदान करने को प्राथमिकता देती है. यही कारण है कि सरकार ‘नागरिक देवो भव’ के मंत्र से प्रेरित होकर काम कर रही है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि सरकार का यह निरंतर प्रयास है कि हर परिवार, चाहे वह गरीब हो या मध्यम वर्ग, उसे हर संभव बेहतरीन सुविधाएं मिलें और ‘नागरिक देवो भव’ की यही भावना उनके काम में भी साफ दिखाई देती है

पंजाब सरकार पर साधा निशाना

प्रधानमंत्री ने कहा कि यह ‘शेर-ए-पंजाब’ महाराजा रणजीत सिंह की धरती है। लेकिन आज पंजाब में जो कुछ भी हो रहा है, वह किसी से छिपा नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि यहां धोखे और नाकामी की हकीकत को विज्ञापनों के पीछे छिपाया जा रहा है। पंजाब में आज कानून-व्यवस्था पूरी तरह बदहाल हो चुकी है और कोई नहीं बता सकता कि कब और कहां गैंगवार छिड़ जाए या किस तरफ से गोलियां चलने लगें।

उन्होंने कहा कि जनता की सेवा के लिए ईमानदार नीयत और निष्ठा की आवश्यकता होती है, लेकिन पंजाब की सत्ता पर काबिज पार्टी के पास इन दोनों में से कुछ भी नहीं है और इसे ‘कट्टर बेईमान पार्टी’ के रूप में जाना जाता है। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार यह सुनिश्चित करने का हर संभव प्रयास कर रही है कि पंजाब के लोगों को उसकी सभी योजनाओं का लाभ मिले, लेकिन इस पार्टी के शासन में लूट का बेशर्मी भरा खेल चल रहा है।

पंजाब में भाजपा की डबल-इंजनसरकार जरूरी

प्रधानमंत्री ने कहा कि पंजाब तेजी से विकास कर सकता है, लेकिन इसके लिए यहां भाजपा की ‘डबल-इंजन’ सरकार होना बेहद जरूरी है। दिल्ली का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि जब से वहां ‘डबल-इंजन’ की सरकार आई है, शहर के विकास को एक नई रफ्तार मिली है। उन्होंने पड़ोसी राज्य हरियाणा का जिक्र करते हुए कहा कि वहां भाजपा की ‘डबल-इंजन’ सरकार किसानों को 24 फसलों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य दे रही है जबकि पंजाब के किसानों को सिर्फ धोखा दिया जा रहा है।

कांग्रेस और अकाली दल पर भी साधा निशाना

उन्होंने आगे कहा कि पंजाब में कांग्रेस पार्टी भी अपने आंतरिक संकटों में फंसी हुई है। वे पंजाब के कल्याण के लिए नहीं लड़ रहे हैं बल्कि उनकी लड़ाई सिर्फ इस बात को लेकर है कि सत्ता की कुर्सी किसे मिले। पीएम मोदी ने अकाली दल की स्थिति को भी ऐसा ही बताया और कहा कि वे लोग भी अपने निहित स्वार्थों में लगे हुए हैं और उन्हें पंजाब की जनता की कोई परवाह नहीं है।

Exit mobile version