Site icon hindi.revoi.in

पीएम मोदी ने राष्ट्रपति ट्रंप को दिया धन्यवाद, भारत पर अमेरिकी टैरिफ में कटौती का किया स्वागत

Social Share

नई दिल्ली, 2 फरवरी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमेरिका द्वारा भारत पर लागू टैरिफ में कटौती का स्वागत किया है। उन्होंने इसके साथ ही इस एलान के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रति आभार व्यक्त किया है।

भारत व अमेरिका के बीच डील पक्की होने और भारत पर अमेरिकी टैरिफ में कटौती के डोनाल्ड ट्रंप के एलान के बाद पीएम मोदी ने देर रात सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में कहा, “आज अपने प्रिय मित्र राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से बात करके बहुत अच्छा लगा। यह जानकर बेहद खुशी हुई कि अब ‘मेड इन इंडिया’ उत्पादों पर टैरिफ घटकर 18% हो जाएगा।”

प्रधानमंत्री ने इस फैसले के लिए राष्ट्रपति ट्रंप का धन्यवाद करते हुए कहा कि यह घोषणा भारत के 140 करोड़ लोगों के लिए बेहद सकारात्मक है। उन्होंने कहा कि जब दुनिया की दो बड़ी अर्थव्यवस्थाएं और सबसे बड़े लोकतंत्र साथ मिलकर काम करते हैं तो इससे दोनों देशों के लोगों को लाभ होता है और सहयोग की नई संभावनाएं खुलती हैं।

डोनाल्ड ट्रंप की जमकर की तारीफ

पीएम मोदी ने वैश्विक शांति, स्थिरता और समृद्धि के लिए राष्ट्रपति ट्रंप के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि वैश्विक शांति, स्थिरता और समृद्धि के लिए राष्ट्रपति ट्रंप का नेतृत्व अत्यंत महत्वपूर्ण है। भारत शांति के लिए उनके प्रयासों का पूर्ण समर्थन करता है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में भारत-अमेरिका साझेदारी नई ऊंचाइयों को छुएगी।

ट्रंप ने टैरिफ डील पर क्या कहा?

इससे पहले राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर प्रधानमंत्री मोदी से हुई बातचीत को लेकर एक विस्तृत बयान जारी किया। ट्रंप ने लिखा, ‘आज सुबह भारत के प्रधानमंत्री मोदी से बात करना मेरे लिए सम्मान की बात थी। वह मेरे सबसे अच्छे मित्रों में से एक हैं और अपने देश के एक शक्तिशाली और सम्मानित नेता हैं।’

भारत-अमेरिका के बीच ट्रेड डील पक्की, अमेरिका ने घटाया टैरिफ, अब 25 की जगह सिर्फ 18 फीसदी टैरिफ लगेगा

ट्रंप के अनुसार, दोनों नेताओं के बीच व्यापार और रूस-यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने जैसे कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री मोदी रूस से तेल खरीदना बंद करने और अमेरिका तथा संभावित रूप से वेनेजुएला से अधिक तेल खरीदने पर सहमत हुए हैं। ट्रंप ने कहा कि इससे यूक्रेन में जारी युद्ध को समाप्त करने में मदद मिलेगी, जहां हर सप्ताह हजारों लोग मारे जा रहे हैं।

भारत-अमेरिका की ट्रेड डील पर सहमति : डोनाल्ड ट्रंप

ट्रंप ने यह भी दावा किया कि प्रधानमंत्री मोदी के अनुरोध और आपसी मित्रता के तहत भारत और अमेरिका के बीच एक व्यापार समझौते पर सहमति बन गई है। इसके तहत अमेरिका भारत पर लगाए जाने वाले पारस्परिक टैरिफ को 25 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत करेगा जबकि भारत अमेरिका के खिलाफ अपने टैरिफ और गैर-टैरिफ बाधाओं को शून्य तक लाने की दिशा में आगे बढ़ेगा।

Exit mobile version