Site icon hindi.revoi.in

पीएम मोदी ने मेरठ से किया चुनाव अभियान का आगाज़, बोले – ‘भ्रष्टाचार पर एक्शन जरूर होगा’, मोदी झुकने वाला नहीं है’

Social Share
FacebookXLinkedinInstagramTelegramWhatsapp

मेरठ, 31 मार्च। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2014 और 2019 की भांति 2024 में भी सर्वाधिक 80 लोकसभा सीटों वाले उत्तर प्रदेश की ऐतिहासिक धरती मेरठ से अपने चुनाव अभियान की शुरुआत की और विपक्षी दलों को ललकारते हुए कहा कि भ्रष्टाचारियों पर काररवाई जारी रहेगी और इस मुद्दे पर सरकार कतई पीछे हटने वाली नहीं है।

‘जिसने देश को लूटा है, उसे लौटाना ही पड़ेगा

पीएम मोदी ने एनडीए के सहयोगी दलों के नेताओं की मौजूदगी में विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, ‘मैं भ्रष्ट्राचार पर काररवाई कर रहा हूं तो कुछ लोग बौखला गए हैं, वे अपना आपा खो बैठे हैं। मैं कहता हूं – मोदी की गारंटी कहती है कि भ्रष्ट्राचार हटाओ, वो कहते हैं भ्रष्ट्राचारी बचाओ। भ्रष्टाचारी चाहे कितना भी बड़ा क्यों न हो, एक्शन होगा और जरूर होगा। जिसने देश को लूटा है, उसे लौटाना ही पड़ेगा।’

YouTube video player

‘आज भारत की साख नई ऊंचाई पर है, पूरी दुनिया भारत को भरोसे से देख रही

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘इनको लगता है कि मोदी डर जाएगा। मेरे लिए मेरा भारत मेरा परिवार है। जिनका धन लूटा है, उन्हें लौटा भी रहा हूं। भारत का समय आ गया है। भारत चल पड़ा है। मोदी झुकने वाला नहीं है, भ्रष्टाचार पर एक्शन जरूर होगा। आज भारत में तेजी से आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर बन रहा है। आज भारत इंफ्रास्ट्रक्चर के निर्माण पर अभूतपूर्व निवेश कर रहा है। आज हर सेक्टर में नौजवानों के लिए नए अवसर बन रहे हैं। आज देश की नारीशक्ति, नए संकल्पों के साथ आगे आ रही है। आज भारत की साख नई ऊंचाई पर है, पूरी दुनिया भारत को भरोसे से देख रही है।’

‘तीसरे कार्यकाल की तैयारी में अभी से जुट गई है हमारी सरकार

पीएम मोदी ने कहा, ‘अयोध्या में रामलला का भव्य मंदिर बनेगा, ये लोगों को असंभव लगता था, लेकिन राम मंदिर भी बना है और हर रोज वहां लाखों लोग दर्शन के लिए भी जा रहे हैं। हमारी सरकार तीसरे कार्यकाल की तैयारी में अभी से जुट गई है। हम आने वाले पांच साल का रोडमैप बना रहे हैं। पहले 100 दिनों में हमें कौन-कौन से बड़े फैसले लेने हैं, इस पर तेजी से काम चल रहा है।’

‘2024 का चुनाव विकसित भारत बनाने के लिए है

उन्होंने कहा, ‘बीते 10 वर्षों में तो आपने विकास का ट्रेलर ही देखा है, अभी तो हमें देश को बहुत आगे लेकर जाना है। 2024 का चुनाव सिर्फ सरकार बनाने का चुनाव नहीं है। 2024 का चुनाव विकसित भारत बनाने के लिए है।’

Exit mobile version