Site icon hindi.revoi.in

पीएम मोदी ने ईरानी राष्ट्रपति मसूद से की बात, क्षेत्रीय सुरक्षा और शिपिंग मार्गों को लेकर जताई चिंता

Social Share

नई दिल्ली, 21 मार्च। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान से बात की और ईद व नवरोज के अवसर पर उन्हें बधाई दी। इसके साथ ही पीएम मोदी ने पश्चिम एशिया में बदलती स्थिति पर भी मसूद से चर्चा की।

पीएम मोदी ने एक एक्स पोस्ट में कहा, ‘मैंने राष्ट्रपति डॉ. मसूद पेजेश्कियान से बात की और उन्हें ईद और नवरोज की शुभकामनाएं दीं। हमने उम्मीद जताई कि यह त्योहारों का मौसम पश्चिम एशिया में शांति, स्थिरता और समृद्धि लेकर आएगा।’

ईरानी राष्ट्रपति से बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री ने इस क्षेत्र में अहम बुनियादी ढांचे को निशाना बनाकर हाल में हुए हमलों पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि वह ‘इस क्षेत्र में अहम बुनियादी ढांचे पर हुए हमलों की निंदा करते हैं, जो क्षेत्रीय स्थिरता के लिए खतरा हैं और वैश्विक आपूर्ति श्रृंखलाओं में रुकावट डालते हैं।’

पीएम मोदी ने वैश्विक व्यापार के बिना किसी रुकावट के आवागमन को सुनिश्चित करने की जरूरत पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि वह नेविगेशन की आजादी की रक्षा करने और यह सुनिश्चित करने के महत्व को दोहराते हैं कि शिपिंग लेन खुली और सुरक्षित रहें।’ उल्लेखनीय है कि गत 28 फरवरी को पश्चिम एशिया में लड़ाई शुरू होने के बाद से यह पीएम मोदी और ईरानी राष्ट्रपति के बीच दूसरी टेलीफोनिक बातचीत है।

इस माह की शुरुआत में पीएम मोदी ने कहा था कि उन्होंने पेजेश्कियान से ‘इलाके की गंभीर स्थिति’ पर बात की थी, जिसके दौरान उन्होंने तनाव बढ़ने और आम लोगों की जान जाने के साथ-साथ सिविलियन इंफ्रास्ट्रक्चर को हुए नुकसान पर गहरी चिंता जताई थी।

पीएम मोदी ने भारतीय नागरिकों की सुरक्षा और संरक्षा का मुद्दा भी उठाया, और साथ ही ‘सामान और ऊर्जा के निर्बाध आवागमन की आवश्यकता’ पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि ये भारत की ‘सर्वोच्च प्राथमिकताएं’ बनी हुई हैं।

Exit mobile version