Site icon Revoi.in

ऑस्ट्रिया में भारतीय समुदाय से बोले पीएम मोदी – ‘सीना तानकर कहते हैं कि हमने दुनिया को युद्ध नहीं, बुद्ध दिए’

Social Share

विएना, 10 जुलाई। प्रधानमंत्री मोदी ने ऑस्ट्रिया दौरे के दूसरे व अंतिम दिन बुधवार को कहा कि भारत ने दुनिया को युद्ध नहीं बल्कि बुद्ध दिए हैं। पीएम मोदी ने राजधानी विएना में एक सामुदायिक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भारतीय समुदाय के सामने ये बातें कहीं।

‘मोदी, मोदी’ के नारों के बीच मंच पर पहुंचे पीएम मोदी ने भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए कहा, ‘ऑस्ट्रिया का ये मेरा पहला दौरा है। जो उत्साह व उमंग मैं यहां देख रहा हूं, वो अद्भूत है। 41 साल बाद भारत के किसी पीएम का यहां आना हुआ है। ये इंतजार एक ऐतिहासिक अवसर पर खत्म हुआ है। भारत और ऑस्ट्रिया अपनी दोस्ती का 75वां वर्ष मना रहे हैं।’

भारत-ऑस्ट्रिया अलग-अलग छोर पर फिर भी कई समानताएं

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ‘भौगोलिक दृष्टि से भारत और ऑस्ट्रिया दो अलग-अलग छोर पर हैं, लेकिन हम दोनों के बीच अनेक समानताएं हैं। लोकतंत्र हम दोनों देशों को जोड़ता है। स्वतंत्रता, समानता, बहुलवाद और कानून शासन का आदर ​हमारी साझा मूल्य हैं। हम दोनों समाज बहु संवर्धित और बहुभाषी हैं।’

भारत और ऑस्ट्रिया की साझा विरासत का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा, ‘लगभग 200 साल पहले विएना यूनिवर्सिटी में संस्कृत पढ़ाई जाती थी। 1880 में इसे और बल मिला। आज भी मैं कई विचारकों से मिला, जो भारत में काफी रुचि रखते हैं। हजारों सालों से हम दुनिया के साथ ज्ञान साझा करते रहते हैं। हमने युद्ध नहीं दिए। हम सीना तानकर दुनिया से कह सकते हैं कि हमने युद्ध नहीं, बुद्ध दिए हैं।’

पीएम मोदी ने भारत में हाल ही में संपन्न लोकसभा चुनाव का भी जिक्र करते हुए कहा कि पूरी दुनिया भारत में हुए चुनावों के बारे में सुनकर हैरान हैं। 65 करोड़ से ज्यादा लोगों ने वोट डाला है। इतना बड़ा चुनाव हुआ और कुछ घंटों में ही चुनाव के नतीजे साफ हो जाते हैं। ये भारत की इलेक्टोरल मशीनरी और हमारे लोकतंत्र की ताकत है।’

ऑस्ट्रियावासियों का आभार जताने के साथ पीएम मोदी स्वदेश रवाना

दरअसल, शाम को भारतीय समुदाय को संबोधन ऑस्ट्रिया में पीएम मोदी का अंतिम कार्यक्रम था। इसके कुछ देर बाद ही वह नई दिल्ली के लिए रवाना हो गए। स्वदेश रवानगी के साथ ही पीएम मोदी ने अपनी ऑस्ट्रिया यात्रा को ऐतिहासिक व कई मायनों में उत्पादक करार दिया। उन्होंने साथ ही चांसलर कार्ल नेहमर, ऑस्ट्रियाई सरकार और लोगों के आतिथ्य और स्नेह के लिए आभार व्य्क्त किया।

उन्होंने एक्स पर पोस्ट में कहा, ‘ऑस्ट्रिया की मेरी यात्रा ऐतिहासिक और बेहद उत्पादक रही है। हमारे देशों के बीच दोस्ती में नई ऊर्जा आई है। विएना में रहते हुए विविध कार्यक्रमों में भाग लेकर मुझे खुशी हुई। चांसलर कार्ल नेहमर, ऑस्ट्रियाई सरकार और लोगों के आतिथ्य और स्नेह के लिए आभार।’