Site icon hindi.revoi.in

पीएम मोदी ने चाय बागान से भरी चुनावी हुंकार : श्रमिकों संग तोड़ीं पत्तियां, बोले- असम में NDA हैट्रिक को तैयार

Social Share

गुवाहाटी, 1 अप्रैल। गृहराज्य गुजरात के दौरे के अगले दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज असम विधानसभा के चुनावी रण में गुवाहाटी पहुंचे। इस दौरान पीएम मोदी ने डिब्रूगढ़ के एक चाय बागान में श्रमिकों से मुलाकात की, उनके संग चाय की पत्तियां तोड़ीं और फिर गोगामुख में एक जनसभा को संबोधित करते हुए एनडीए की जीत की हैट्रिक का दावा किया।

पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि पिछले 10 वर्षों में असम में जबर्दस्त विकास हुआ है और उन्होंने भरोसा जताया कि राज्य की जनता एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) को अपना आशीर्वाद देने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि नागरिकों के बीच दिख रहा उत्साह साफ तौर पर लगातार विकास और स्थिरता के लिए उनके समर्थन को दिखाता है।

प्रधानमंत्री ने दोहराया कि यह चुनाव एक विकसित भारत के विजन को आकार देगा। उन्होंने कहा, “इस बार का चुनाव ‘विकसित भारत’ बनाने के लिए है… भाजपा असम में फिर से सरकार बनाएगी और जीत की हैट्रिक लगाएगी।” उनकी यह टिप्पणी तब आई, जब पार्टी ने नौ अप्रैल को प्रस्तावित आगामी विधानसभा चुनाव के लिए पूरे राज्य में अपना चुनाव प्रचार तेज कर दिया है।

कांग्रेस पर जमकर हमला बोला

कांग्रेस नेतृत्व पर तीखा प्रहार करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि असम की जनता एक बार फिर पार्टी को नकारने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव एनडीए को स्पष्ट हैट्रिक दिलाएगा जबकि कांग्रेस को लगातार तीसरी हार और अपने ‘स्वघोषित राजकुमार’ के लिए ‘हारों का शतक’ का सामना करना पड़ रहा है।

पीएम मोदी ने कहा कि भारी मतदान ही एनडीए सरकार के पक्ष में जनता के रुझान को दर्शाता है। उन्होंने कहा, ‘असम चुनाव की घोषणा के बाद यह मेरी पहली जनसभा है। जनता का यह विशाल जनसमूह इस बात का प्रमाण है कि तीसरी बार चुनाव जीतना निश्चित है।’ उन्होंने उपस्थित जनसमूह को याद दिलाया कि उन्होंने स्वयं प्रधानमंत्री बनकर हैट्रिक हासिल की थी और आशा जताई कि जनता का आशीर्वाद असम में भाजपा को एक और हैट्रिक दिलाएगा।

डिब्रूगढ़ में चाय बागान का दौरा किया

चुनावी सभा के पहले पीएम मोदी ने असम में एक चाय बागान का दौरा किया, चाय की पत्तियां तोड़ीं और बागान के श्रमिकों से बातचीत की। यह राज्य में विधानसभा चुनाव से पहले लोगों तक पहुंचने की एक कोशिश थी।

उन्होंने एक्स पर लिखा, ‘चाय असम की आत्मा है! यहां की चाय ने पूरी दुनिया में अपनी जगह बनाई है। आज सुबह डिब्रूगढ़ में, मैं एक चाय बागान में गया और वहां काम करने वाली महिलाओं से बातचीत की। यह एक बहुत ही यादगार अनुभव था। हमें प्रत्येक चाय बागान परिवार के प्रयासों पर बहुत गर्व है। उनकी कड़ी मेहनत और लगन ने असम के गौरव को बढ़ाया है।’

Exit mobile version