Site icon Revoi.in

पीएम मोदी काहिरा पहुंचे, मिस्र के प्रधानमंत्री मुस्तफा मैडबौली ने किया स्वागत, दिया गार्ड ऑफ ऑनर

Social Share

काहिरा, 24 जून। अमेरिका के चार दिवसीय दौरे के बाद  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार की दोपहर मिस्र की राजधानी काहिरा पहुंच गए हैं। मिस्र के प्रधानमंत्री मुस्तफा मैडबौली ने हवाई अड्डे पर पीएम मोदी का स्वागत किया। इस दौरान उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। अपनी दो दिवसीय राजकीय यात्रा के दौरान पीएम मोदी मिस्र के प्रधानमंत्री के साथ गोलमेज बैठक करेंगे और राष्ट्रपति अल-सिसी से भी मुलाकात करेंगे।

वर्ष 1997 के बाद द्विपक्षीय यात्रा पर मिस्र की यात्रा करने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री पीएम मोदी के यहां होटल में पहुंचने पर उनका स्वागत करने के लिए भारतीय समुदाय के सदस्य भी मौजूद रहे।

होटल में मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सिसी की भारत यात्रा की तस्वीरें प्रदर्शित की गईं। वहीं, भारत के स्वतंत्रता संग्राम में महात्मा गांधी की भूमिका पर मिस्र के कवि अहमद शॉकी की कविता ‘गांधी’ काहिरा के होटल में प्रदर्शित की गई।

विश्व युद्ध में मिस्र व फलस्तीन में जान गंवाने वाले भरतीय सैनिकों को श्रद्धांजलि देंगे

पीएम मोदी मिस्र की अपनी पहली यात्रा के दौरान प्रथम विश्व युद्ध में मिस्र और फलस्तीन में जान गंवाने वाले बहादुर भारतीय सैनिकों को श्रद्धांजलि देंगे। वह हेलियोपोलिस युद्ध स्मारक जाएंगे और शहीद भारतीय सैनिकों को श्रद्धांजलि देंगे। यह उन करीब 4000 भारतीय सैनिकों के स्मारक के रूप में है, जो प्रथम विश्व युद्ध में मिस्र और फलस्तीन में शहीद हुए।

एक स्थानीय नागरिक मरवान ने कहा, ‘हमें बताया गया है कि प्रधानमंत्री जल्द ही युद्ध स्मारक आएंगे। मिस्र के लोग उदार हैं और हम उनका स्वागत करेंगे।’ उन्होंने कहा, ‘राष्ट्रमंडल समाधि स्थल उन सैनिकों से संबंधित है, जो प्रथम विश्व युद्ध के दौरान लड़े। हम यहां आगंतुकों और पर्यटकों का हमेशा स्वागत करते हैं और खासतौर पर मिस्र में भारतीय प्रधानमंत्री का स्वागत करेंगे।’

सैनिकों से जुड़े युद्ध स्मारक के प्रवेश द्वार पर भारत के बहादुर सैनिकों के सम्मान में एक पवेलियन हेलियोपोलिस पोर्ट ट्वेफिक मेमोरियल है। दुर्भाग्य से मूल स्मारक पोर्ट ट्वेफिक 1970 में इजराइल मिस्र संघर्ष के दौरान नष्ट हो गया था।

अल हकीम मस्जिद भी जाएंगे

प्रधानमंत्री मोदी अल हकीम मस्जिद भी जाएंगे, जिसका पुनरोद्धार बोहरा समुदाय के सहयोग से किया गया था। इसके अलावा पीएम मोदी ‘इंडिया यूनिट’ के साथ भी संवाद करेंगे, जिसका गठन मिस्र के राष्ट्रपति ने भारत यात्रा से लौटने के बाद मार्च में किया था। इस यूनिट में कई उच्चस्तरीय मंत्री शामिल हैं।