Site icon hindi.revoi.in

पीएम मोदी ने राष्ट्रीय खेलों का किया शुभारंभ, युवाओं का फिट इंडिया मूवमेंट का आह्वान

Social Share

देहरादून, 28 जनवरी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार की शाम यहां राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय खेल स्टेडियम में करीब 25 हजार दर्शकों से उनके मोबाइल की फ्लैश लाइट जलवाकर 38वें राष्ट्रीय खेलों का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि भारत दुनिया की तीसरी आर्थिक शक्ति बनने की ओर अग्रसर है और इसमें स्पोर्ट्स इकॉनामी बड़ा हिस्सा बनेगी।

पीएम मोदी ने इस अवसर पर कहा कि खेलों से देश की साख बढ़ती है। उन्होंने राष्ट्रीय खेलों में शामिल हुए 10 हजार से अधिक खिलाडि़यों के बीच फिटनेस का मंत्र भी दिया। उन्होंने कहा कि आज हर आयु वर्ग में तेजी से बढ़ता मोटापा चुनौतीपूर्ण है और इससे मधुमेह और हृदय संबंधी बीमारियां बढ़ रही हैं। उन्होंने टहलने से लेकर वर्कआउट करने और संतुलित आहार लेने पर जोर दिया और उपयोग में लाए जा रहे खाद्य तेल में कम से कम 10 प्रतिशत कटौती करने का सुझाव दिया।

भारत 2036 में ओलम्पिक की मेजबानी के लिए पूरा जोर लगा रहा

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत 2036 में ओलम्पिक की मेजबानी के लिए पूरा जोर लगा रहा है। जब भारत में ओलम्पिक होगा तो भारत के खेलों को नए आसमान पर ले जाएगा। पीएम मोदी ने उत्तराखंड में लागू समान नागरिक संहिता का भी जिक्र किया और इसे खेल भावना की तरह बताया। उन्होंने कहा कि वह कभी-कभी इसे सेक्युलर सिविल कोड भी कहते हैं। उन्होंने जहां नेशनल गेम्स को ग्रीन गेम्स की मिसाल दी तो वहीं युवा खिलाड़ियों से उत्तराखंड के प्लास्टिक मुक्त अभियान में सहयोग की अपील भी की।

36 राज्यों व एक केंद्रशासित प्रदेश के खिलाडियों ने किया मार्च पास्ट

इससे पहले राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) व सीएम पुष्कर सिंह धामी की मौजूदगी में 38वें राष्ट्रीय खेलों का रंगारंग उद्घाटन हुआ। बॉलीवुड सिंगर जुबिन नौटियाल, पवनदीप राजन के साथ पांडवाज बैंड ने शानदार प्रस्तुतियों से समा बांधा। सैनिक स्कूल घोड़ाखाल की बैंड टीम के नेतृत्व में 36 राज्यों व एक केंद्रशासित प्रदेश के खिलाडियों ने मार्च पास्ट किया

राष्ट्रीय खेलों को ग्रीन गेम्स की थीम पर रखा गया – सीएम धामी

इस अवसर मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राष्ट्रीय खेलों को ग्रीन गेम्स की थीम पर रखा गया है। हम खेलों के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने में भी सफल होंगे। खेल मंत्री रेखा आर्य ने कहा कि आज देवभूमि के लिए ऐसा पल आया है, जब हम संकल्प से शिखर तक जाने के अपने आह्वान को साक्षात होते हुए देख रहे हैं। भारतीय ओलम्पिक संघ की अध्यक्ष पीटी उषा ने भी समारोह को संबोधित किया।

पीएम ने उत्तराखंड के अंतरराष्ट्रीय खिलाडि़यों से मुलाकात भी की। इस दौरान मंच पर केंद्रीय खेल राज्यमंत्री रक्षा निखिल खडसे, केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, विधानसभा अध्यक्ष ऋतु भूषण खंडूड़ी, राज्यसभा सांसद व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, राष्ट्रमंडल खेल महासंघ के अध्यक्ष क्रिस जेनकिंस व भारतीय ओलम्पिक संघ की अध्यक्ष पीटी उषा समेत कई अन्य अतिथि उपस्थित थे।

पीएम मोदी के भाषण की बड़ी बातें

28 जनवरी से लेकर 14 फरवरी तक होगा आयोजन

 

Exit mobile version