Site icon Revoi.in

पीएम मोदी ने भाजपा केंद्रीय कार्यालय के विस्तार का किया लोकार्पण, विपक्ष पर प्रहार तो भाजपा को बताया भारत की सबसे फ्यूचरिस्टिक पार्टी

Social Share

नई दिल्ली, 28 मार्च। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को राष्ट्रीय राजधानी के पं. दीनदयाल उपाध्याय मार्ग स्थित भाजपा मुख्यालय में आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित केंद्रीय कार्यालय के विस्तार का उद्घाटन किया। राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा सहित पार्टी के कई शीर्ष नेताओं की मौजूदगी में आवासीय परिसर और सभागार के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने भाजपा को जहां भारत की सबसे फ्यूचरिस्टिक पार्टी करार दिया वहीं विपक्ष पर जमकर प्रहार करने से भी नहीं चूके।

पीएम मोदी ने कहा, ‘आज से कुछ दिन बाद हमारी पार्टी 44वां स्थापना दिवस मनाएगी। हम वो दल है, जिसने आपातकाल के दौरान लोकतंत्र की रक्षा के लिए खुद अपने दल को ही देश हित में आहूत करने पर हिम्मत के साथ कदम उठाया। आज भाजपा केवल विश्व की सबसे बड़ी पार्टी ही नहीं है बल्कि भारत के सबसे फ्यूचरिस्टिक पार्टी है। हमारा भविष्य के आधुनिक और विकसित भारत का निर्माण करने का लक्ष्य है।’

‘भाजपा सिर्फ चुनाव लड़ने और जीतने तक ही सीमित नहीं

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘हमें भाजपा को एक ऐसी संस्था के रूप विकसित करना है, जिसके पास अगले 10 साल-50 साल तक लक्ष्य निर्धारित हो। इसके लिए तीन बातें जरूरी हैं – अध्ययन, आधुनिकता और विश्वभर से अच्छी बातों को आत्मसात करने की शक्ति।’ उन्होंने कहा, ‘भारतीय जनता पार्टी केवल चुनाव लड़ने और जीतने तक ही सीमित नहीं है बल्कि भाजपा एक व्यवस्था है, भाजपा एक विचार है, भाजपा एक संगठन है, भाजपा एक आंदोलन है। बीजेपी बदलाव की भी प्राणशक्ति है।’

विपक्षी चला रहे भ्रष्टाचारी बचाओ अभियान

अपने संबोधन के दौरान ही पीएम मोदी ने राहुल गांधी की सांसदी जाने के बाद एकजुट होते विपक्ष पर भी जमकर प्रहार किया और इमरजेंसी का जिक्र कर कांग्रेस पर तंज भी कसा। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार में लिप्त नेता एक साथ, एक मंच पर आ रहे हैं और कुछ दलों ने मिलकर ‘भ्रष्टाचारी’ बचाओ अभियान छेड़ा हुआ है। पूरे विश्व में आज जब हिन्दुस्तान का डंका बज रहा है तो देश के भीतर और देश के बाहर बैठी भारत विरोधी शक्तियों का एकजुट होना स्वाभाविक है।

भ्रष्टाचार में लिप्त जितने भी चेहरे हैं, वे सब एक साथ, एक मंच पर आ रहे

प्रधानमंत्री ने कहा कि भ्रष्टाचार में लिप्त लोगों पर जब एजेंसियां काररवाई करती हैं तो एजेंसियों पर हमला किया जाता है। जब अदालत कोई फैसला सुनाती है, तो उस पर सवाल उठाए जाते हैं। न्यायिक प्रणाली पर हमले होते हैं। आप सब देख रहे हैं कुछ दलों ने मिलकर भ्रष्टाचारी बचाओ अभियान छेड़ा हुआ है। आज भ्रष्टाचार में लिप्त जितने भी चेहरे हैं, वह सब एक साथ, एक मंच पर आ रहे हैं।

जब भाजपा आती है तो भ्रष्टाचार भागता है

पीएम मोदी ने कहा, ‘यह पूरा देश या देख रहा है और समझ भी रहा है। भ्रष्टाचार ने हमारे देश का बहुत नुकसान किया है और उसे दीमक की तरह खोखला किया है। पहले की सरकारों ने भ्रष्टाचार के खिलाफ काररवाई के नाम पर केवल खानापूर्ति की जबकि पिछले नौ सालों में भाजपा सरकार ने भ्रष्टाचार के खिलाफ जो अभियान चलाया, उसने आज भ्रष्टाचार और भ्रष्टाचारियों दोनों की जड़ें हिला दी हैं। यह इस बात का प्रमाण है कि जब भाजपा आती है तो भ्रष्टाचार भागता है।