Site icon hindi.revoi.in

पीएम मोदी की मध्य-पूर्व संकट पर अमेरिकी राष्ट्रपति से 40 मिनट तक वार्ता, ट्रंप बोले – ‘हम सब आपसे प्यार करते हैं’

Social Share

नई दिल्ली, 14 अप्रैल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से फोन पर बातचीत की। दोनों नेताओं के बीच लगभग 40 मिनट की बातचीत का मुख्य विषय मध्य-पूर्व में तेजी से बदलती स्थिति थी। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर यह जानकारी साझा की।

पीएम मोदी ने एक्स पोस्ट में कहा, “मेरे दोस्त राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का फोन आया। हमने विभिन्न क्षेत्रों में अपने द्विपक्षीय सहयोग में हुई महत्वपूर्ण प्रगति की समीक्षा की। हम सभी क्षेत्रों में अपनी ‘व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी’ को और मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। हमने पश्चिम एशिया की स्थिति पर भी चर्चा की और होर्मुज जलडमरूमध्य को खुला और सुरक्षित रखने के महत्व पर जोर दिया।”

भारत व अमेरिका के बीच जल्द ही ऊर्जा सहित कई बड़े सौदे होंगे – सर्जियो गोर

वहीं भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर के अनुसार पीएम मोदी से बातचीत के दौरान ट्रंप ने एक व्यक्तिगत बात कही। उन्होंने पीएम मोदी से कहा, ‘मैं बस आपको यह बताना चाहता हूं कि हम सब आपसे प्यार करते हैं।’ उन्होंने बताया कि अगले कुछ दिनों और हफ्तों में भारत व अमेरिका के बीच ऊर्जा सहित कई बड़े सौदे होने की उम्मीद है।

अमेरिका-ईरान के बीच एक बार फिर बातचीत की तैयारी

उल्लेखनीय है कि ईरान व अमेरिका के बीच दो हफ्तों के लिए युद्ध विराम पर बनी सहमति को दौरान पिछले रविवार को इस्लामाबाद में पाकिस्तान की मध्यस्थता में हुई बातचीत बेनतीजा रही थी। उसके बाद अमेरिका ने होर्मुज समुद्री मार्ग की नाकेबंदी शुरू कर दी है। फिलहाल दोनों देशों के बीच एक बार फिर बातचीत की उम्मीद जगी हैं।

गुरुवार को बातचीत का नया दौर होने की संभावना

समाचार एजेंसी एसोसिएटेड प्रेस (एपी) की रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिका और ईरान के बीच गुरुवार को बातचीत का नया दौर आयोजित किए जाने की संभावना है। अमेरिकी अधिकारियों कहना है कि दोनों पक्षों के बीच नई वार्ता की तैयारी चल रही है। हालांकि, अभी बैठक के सटीक स्थान और एजेंडे को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं की गई है, लेकिन बातचीत के लिए गुरुवार का दिन तय किया गया है। दोनों पक्षों की ओर से वरिष्ठ प्रतिनिधि इस चर्चा में शामिल हो सकते हैं।

Exit mobile version