Site icon Revoi.in

पीएम मोदी और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने पूर्व पीएम राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर दी श्रद्धांजलि

Social Share

नई दिल्ली, 21 मई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी सहित अन्य नेताओं ने शनिवार को पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की 31वीं पुण्यतिथि पर दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित की। पीएम मोदी ने ट्वीट के जरिए अपने संदेश में कहा, ‘हमारे पूर्व प्रधानमंत्री श्री राजीव गांधी को उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि।’

सोनिया गांधी और राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने राजीव गांधी के समाधि-स्थल ‘वीर भूमि’ पर जाकर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की। कांग्रेस नेता पी. चिदंबरम और सचिन पायलट ने भी वीर भूमि जाकर पूर्व प्रधानमंत्री को श्रद्धांजलि दी।

 

राहुल गांधी बोले – मेरे पिता की नीतियों ने आधुनिक भारत को आकार देने में मदद की‘  

पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि उनके पिता एक दूरदर्शी नेता थे, जिनकी नीतियों ने आधुनिक भारत को आकार देने में मदद की। राहुल गांधी संप्रति लंदन के दौरे पर हैं, जहां वह 23 मई को कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी में ‘इंडिया एट 75’ पर बोलेंगे।

राहुल गांधी ने एक ट्वीट में कहा, ‘मेरे पिता एक दूरदर्शी नेता थे, जिनकी नीतियों ने आधुनिक भारत को आकार देने में मदद की। वह एक दयालु और दयालु व्यक्ति थे, और मेरे और प्रियंका के लिए एक अद्भुत पिता थे, जिन्होंने हमें क्षमा और सहानुभूति का मूल्य सिखाया। मुझे उनकी बहुत याद आती है और हम दोनों ने साथ में बिताए समय को प्यार से याद किया है।’

इंदिरा गांधी की हत्या के बाद कांग्रेस की संभाली थी कमान

स्मरण रहे कि राजीव गांधी का जन्म 20 अगस्त, 1944 को मुंबई में हुआ था। उनकी शादी 1968 में सोनिया गांधी से हुई थी। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी उनकी दो संतान हैं। राजीव गांधी ने 1984 में अपनी मां और तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या के बाद कांग्रेस की कमान संभाली थी। अक्टूबर 1984 में पदभार ग्रहण करने के बाद वह 40 वर्ष की आयु में भारत के सबसे युवा प्रधानमंत्री बने।

दो दिसंबर, 1989 तक भारत के प्रधानमंत्री के रूप में कार्य करने वाले राजीव गांधी की 21 मई, 1991 को तमिलनाडु के श्रीपेरंबुदूर में एक चुनावी रैली के दौरान लिबरेशन टाइगर्स ऑफ तमिल ईलम (लिट्टे) के आत्मघाती हमलावर ने हत्या कर दी थी।