द हेग, 16 मई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नीदरलैंड्स के दौरे पर ‘द हेग’ में भारतीय समुदाय की ओर से अपने सम्मान में आयोजित एक समारोह को संबोधित करते हुए दोनों देशों के बीच आपसी संबंधों को मजबूत करने में उनकी अहम भूमिका पर जोर दिया।
Deeply touched by the immense enthusiasm and affection of the Indian community at the community programme in The Hague. Their energy and connection with India are deeply special. pic.twitter.com/qGyHuUDtSc
— Narendra Modi (@narendramodi) May 16, 2026
अपने संबोधन की शुरुआत करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ‘इतना प्यार और उत्साह… सच कहूं तो कुछ देर के लिए मैं भूल ही गया था कि मैं नीदरलैंड्स में हूं। ऐसे लग रहा है कि जैसे भारत में ही कहीं कोई फेस्टिवल चल रहा है।’
भारतीय समुदाय के योगदान पर गौरवान्वित होते हुए कहा, ‘आप नीदरलैंड्स के समाज और यहां की इकोनॉमी में जो आपकी देन हैं, उस पर हर भारतवासी को गर्व है। मैं आज इस अवसर पर नीदरलैंड्स की जनता और सरकार का आभार व्यक्त करता हूं। मैं यहां की जनता को 140 करोड़ भारतवासियों की तरफ से अपनी शुभकामनाएं देता हूं।’
पीएम मोदी ने इस दौरान भारत की विश्व को देन और भारतीय संस्कृति का उल्लेख करते हुए आगे कहा, यहां बैठे अनेक परिवारों की कहानी प्रवासन की कहानी नहीं, यह सांस्कृतिक आस्था के बीच तमाम संघर्षों के बीच प्रगति की कहानी है। उस दौर में तब किसी ने सोचा नहीं था कि दो महासागर पार करने के बाद भी भारतीयों की पहचान इतनी जीवंत रहेगी। आपके पूर्वज बहुत कुछ पीछे छोड़ गए, लेकिन कुछ चीजें उनके साथ रहीं, अपनी मिट्टी की खशबू, त्योहार की संस्कृति, भजन की धुनें और पूर्वजों के संस्कार। समय के साथ अनेक संस्कृतियां मिट गईं, लेकिन भारत की विविध संस्कृति अपने लोगों के दिलों में धड़कता है।
‘परिवेश बदल गए, लेकिन परिवार के संस्कार नहीं बदले, अपनापन नहीं बदला’
पीएम मोदी बोले, ‘परिवेश बदल गए, लेकिन परिवार के संस्कार नहीं बदले, अपनापन नहीं बदला। आपने डच भाषा को अपनाया, लेकिन पुरखों की भाषा को छोड़ा नहीं। हमारे कम्युनिटी रेडियो यहां बहुत लोकप्रिय हैं। इन स्टेशन के माध्यम से संस्कृति एवं गाने लोकप्रिय हैं। आप हमारी संस्कृति भावी पीढ़ियों तक पहुंचा रहे हैं। ये सराहनीय है और आप अभिनंदन के अधिकारी हैं।’
Connecting with a larger family!
Prime Minister @narendramodi interacted with a large gathering of Indian diaspora, during his visit to the Netherlands.
PM was touched by the affection and enthusiasm of the members of the diaspora. Describing the Indian diaspora as a vibrant… pic.twitter.com/Ukwib8HHtD
— Randhir Jaiswal (@MEAIndia) May 16, 2026
इस बीच विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ‘एक बड़े परिवार से जुड़ना! नीदरलैंड्स के अपने दौरे के दौरान, प्रधानमंत्री, भारतीय समुदाय के सदस्यों के प्यार और उत्साह से बहुत खुश हुए। भारतीय समुदाय को भारत और नीदरलैंड्स के बीच एक मजबूत पुल बताते हुए, प्रधानमंत्री ने दोनों देशों के बीच आपसी संबंधों को मजबूत करने में उनकी अहम भूमिका पर जोर दिया।’
सूरीनामी-हिन्दुस्तानी गहरे रिश्तों को भी सराहा
रणधीर जायसवाल ने बताया कि प्रधानमंत्री ने भारत के साथ सूरीनामी-हिन्दुस्तानी समुदाय के गहरे और हमेशा रहने वाले ऐतिहासिक संबंधों को भी याद किया और पीढ़ियों तक समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को बनाए रखने और मनाने के उनके प्रयासों की सराहना की।
स्टार्टअप आज भारत के युवाओं का मिजाज बन चुका है
भारतीय समुदाय को संबोधित करने के दौरान पीएम मोदी ने कहा, ‘स्टार्टअप आज भारत के युवाओं का मिजाज बन चुका है। 12 साल पहले देश में 500 से भी कम स्टार्टअप्स थे। आज ये संख्या बढ़कर दो लाख से ज्यादा हो गई है। स्टार्टअप की दुनिया में 2014 में भारत में सिर्फ चार यूनिकॉर्न थे, आज यहां करीब सवा सौ यूनिकॉर्न हैं। 2025 में ही करीब 44 हजार और नए स्टार्टअप रजिस्टर हुए हैं। आज एआई, रक्ष और स्पेस सेक्टर में हमारे स्टार्टअप बहुत शानदार काम कर रहे हैं।’
चिप मेकिंग में सेमीकंडक्टर सेक्टर में भी भारत बड़े कदम उठा रहा
पीएम मोदी ने कहा, ‘समय के साथ रिसर्च और इनोवेशन का ये कल्चर और विराट होता जा रहा है। पिछले वर्ष भारत में लाखों से अधिक पेटेंट्स फाइल किए गए हैं। भारत चिप मेकिंग में सेमीकंडक्टर सेक्टर में भी बड़े कदम उठा रहा है। फिलहाल भारत में 12 सेमीकंडक्टर प्लांट काम कर रहे हैं। इनमें से दो प्लांट्स में प्रोडक्शन भी शुरू हो चुका है। अब चिप भी डिजाइन इंडिया, मेड इन इंडिया होगी।’
‘भारत के डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर की चर्चा आज पूरी दुनिया में होती है’
उन्होंने कहा कि आज भारत इनोवेशन पावर है। हमारे डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर की चर्चा आज पूरी दुनिया में होती है। ये भारतीयों के इनोवेशन का बहुत बड़ा प्रमाण है। आज पैसा रखना है तो डिजिटल वॉलेट है, डॉक्यूमेंट रखना है तो डिजिलॉकर है, ट्रैवल है तो डिजियात्रा है, हेल्थकेयर का लाभ लेना है तो डिजिटल हेल्थ आईडी है। आज भारत में हर महीने 20 बिलियन से ज्यादा यूपीआई ट्रांजेक्शन होते हैं। पूरी दुनिया में हो रहे डिजिटल ट्रांजेक्शन में आधे से ज्यादा केवल भारत में हो रहे हैं।

