नई दिल्ली, 9 मई। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से एक हैरान करने वाली खबर सामने आई है। यहां संभावित आतंकी खतरे को लेकर हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। दिल्ली पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने खुफिया इनपुट मिलने के बाद दीन दयाल उपाध्याय मार्ग स्थित भाजपा मुख्यालय सहित शहर के कई संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। यहां अतिरिक्त सशस्त्र पुलिस बल तैनात किया गया है, बैरिकेडिंग बढ़ाई गई है और वाहनों की सघन जांच की जा रही है।
जांच एजेंसियों को इनपुट मिलने के बाद अलर्ट जारी
प्राप्त जानकारी के अनुसार एजेंसियों को इनपुट मिला है कि केंद्रीय दिल्ली के प्रमुख कार्यालयों और भीड़भाड़ वाले इलाकों को निशाना बनाने की कोशिश हो सकती है। संभावित हमलों में आत्मघाती हमला, वाहन आधारित आईईडी, गोलीबारी और समन्वित हमलों की आशंका जताई गई है। सूत्रों ने बताया कि महत्वपूर्ण सरकारी भवनों, राजनीतिक दफ्तरों, बाजारों, परिवहन केंद्रों और अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर एंटी-सबोटाज जांच शुरू कर दी गई है। शहर भर में सुरक्षा एजेंसियां लगातार निगरानी बनाए हुए हैं।
इन लोगों को अलर्ट पर रहने के निर्देश
वहीं दूसरी तरफ सुरक्षा एजेंसियों ने बम निरोधक दस्ते, स्निफर डॉग यूनिट और क्विक रिएक्शन टीमों को अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही दिल्ली फायर सर्विस को भी अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं। ऐसा इसलिए किया गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निबटा जा सके। पुलिस को संवेदनशील इलाकों में संदिग्ध गतिविधियों, लावारिस वस्तुओं और खड़े वाहनों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
इन जिला इकाइयों को सतर्क रहने के दिए गए निर्देश
इतना ही नहीं कानून व्यस्था के लिहाज से राजधानी के संवेदनशील माने जाने वाले इलाकों और बस्तियों में भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। दिल्ली पुलिस द्वारा रैंडम चेकिंग अभियान और सत्यापन अभियान चलाए जा रहे हैं। सभी जिला इकाइयों को खुफिया एजेंसियों और केंद्रीय अर्धसैनिक बलों के साथ समन्वय बनाकर सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। वरिष्ठ अधिकारी लगातार स्थिति की निगरानी कर रहे हैं और पूरे शहर में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जा रही है।
पुलिस ने किया था आतंकी शहजाद भट्टी के मॉड्यूल का भंडाफोड़
उल्लेखनीय है कि हाल ही में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI के इशारे पर भारत में आतंकी गतिविधियों की साजिश रच रहे पाकिस्तानी गैंगस्टर/आतंकी शहजाद भट्टी के मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया था।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि यह मॉड्यूल दिल्ली में टारगेट किलिंग की बड़ी वारदातों को अंजाम देने की तैयारी में था। आरोपितों ने राजधानी के कई अहम ठिकानों, एक प्रसिद्ध मंदिर की रेकी कर उसके वीडियो अपने हैंडलर्स को भेजे थे। इनपुट यह भी है कि महत्वपूर्ण स्थलों पर तैनात सुरक्षाबलों को भी निशाना बनाया जा सकता था।

