Site icon hindi.revoi.in

पर्थ टेस्ट : भारतीय महिलाओं की शर्मनाक हार, ऑस्ट्रेलिया ने 10 विकेट से रौंदा

Social Share

पर्थ, 8 मार्च। भारतीय महिलाओं को एकमात्र दिवा-रात्रि क्रिकेट टेस्ट के तीसरे ही दिन रविवार को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 10 विकेट की करारी हार का सामना करना पड़ा। भारतीय टीम अपनी दूसरी पारी में छह विकेट पर 105 रन से आगे खेलते हुए 48.2 ओवरों में सिर्फ 149 रनों पर सिमट गई, जिसमें प्रतिका रावल ने 137 गेंदों पर 63 रनों की पारी खेली।

एश्ली गार्डनर (2-8) ने दूसरी शाम की दोनों नाबाद बल्लेबाजों स्नेह राणा (30) और प्रतिका को आउट किया। एलेना किंग ने भी 23 रन देकर दो विकेट चटकाए। ऑस्ट्रेलिया की सबसे सफल गेंदबाज लूसी हैमिल्टन रहीं, जिन्होंने 32 रन पर तीन विकेट चटकाए जबकि एनाबेल सदरलैंड ने भी 15 रन पर दो विकेट हासिल किए।

स्कोर कार्ड

ऑस्ट्रेलिया को जीत के लिए सिर्फ 25 रन की दरकार थी और सलामी बल्लेबाजों जॉर्जिया वोल (नाबाद 16) और फोबे लिचफील्ड (नाबाद 11) ने 4.3 ओवर में ही बिना विकेट खोए 28 रन बनाकर मेजबान टीम को जीत दिला दी। इससे पूर्व भारत ने पहली पारी में 198 रन बनाए थे जिसके जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ व ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ एनाबेल सदरलैंड के 129 रनों की मदद से 323 रन बनाकर मेजबान टीम को पहली पारी में अहम बढ़त दिलाई थी।

Exit mobile version