Site icon Revoi.in

झारखंड : गिरिडीह में यात्री बस बराकर नदी में पलटी, तीन यात्रियों की मौत, 20 घायल

Social Share

गिरिडीह, 5 अगस्त। झारखंड के गिरिडीह में शनिवार की रात बड़ा हादसा हुआ, जब यात्रियों से भरी बाबा सम्राट आलीशान बस बराकर नदी में गिर गई। हादसे में तीन यात्रियों की मौत हो गयी जबकि 20 यात्री घायल हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।

रांची से गिरीडीह आ रही थी बस, कुल 30-35 यात्री सवार थे

प्राप्त जानकारी के अनुसार एक यात्री बस रांची से गिरिडीह आ रही थी। गिरिडीह-डुमरी मुख्य मार्ग पर बस अनियंत्रित होकर पुल के डिवाइडर टकराते हुए नदी में गिर गयी। बस में कुल 30 से 35 यात्री सवार थे। घटना की सूचना के बाद गिरिडीह विधायक सुदिव्य कुमार सोनू, गिरिडीह के डीसी नमन प्रियेश लकड़ा, एसपी दीपक शर्मा व आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य में जुट गए।

डीसी नमन प्रियेश लकड़ा ने बस हादसे में तीन यात्रियों की मौत की पुष्टि की और बताया कि 20 यात्री घायल हुए हैं। पुलिस ने स्थानीय लोगों के अलावा पुलिस एवं बाबा धाम से लौट रहे दर्जनों श्रद्धालुओं की मदद से घायलों को अस्पताल भेजा।

झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन ने जताया दुख

झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन ने घटना पर दुख जताया। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि उन्हें बस हादसे का दुखद समाचार मिला। जिला प्रशासन, झामुमो नेता व कार्यकर्ता राहत-बचाव कार्य में जुटे हैं।

वहीं घटना की सूचना मिलने के बाद केंद्रीय शिक्षा राज्यमंत्री अन्नपूर्णा देवी व पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी भी घटनास्थल पर पहुंचे और उपायुक्त से जानकारी ली।