नई दिल्ली, 22 जनवरी। संसद के आगामी बजट सत्र की शुरुआत से एक दिन पहले 27 जनवरी को सर्वदलीय बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें दोनों सदनों के विधायी कार्यों और कुछ अन्य विषयों को लेकर चर्चा की जाएगी। सूत्रों ने गुरुवार को यह जानकारी दी। संसद का बजट सत्र 28 जनवरी से शुरू होगा और केंद्रीय बजट एक फरवरी (रविवार) को पेश किया जाएगा।
संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू ने बीते शुक्रवार को बताया था कि संसद का बजट सत्र 28 जनवरी से शुरू होकर दो अप्रैल तक चलेगा। बजट सत्र की शुरुआत लोकसभा में दोनों सदनों की संयुक्त बैठक में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अभिभाषण से होगी। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आर्थिक सर्वेक्षण और आम बजट पेश करेंगी।
संसदीय परिपाटी के अनुसार इस बार भी बजट एक फरवरी को पेश किया जाएगा। इस बार एक फरवरी रविवार को है। यही वजह है कि उस दिन शेयर बाजार भी खुले रहेंगे। बजट सत्र का पहला चरण 13 फरवरी को समाप्त होगा और दूसरा चरण नौ मार्च से शुरू होकर दो अप्रैल तक चलेगा।

