Site icon Revoi.in

पाकिस्तानी नौसेना का दावा – पाक जल क्षेत्र में घुसने की कोशिश कर रही भारतीय पनडुब्बी को रोका

Social Share

नई दिल्ली, 19 अक्टूबर। पाकिस्तानी नौसेना ने भारत पर गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया है कि भारत की एक पनडुब्बी ने पाकिस्तान के जल क्षेत्र में घुसने की कोशिश की, जिसकी न सिर्फ पहचान की गई बल्कि उसे डिटेक्ट करते हुए उसका रास्ता भी रोक दिया गया। इस बाबत पाकिस्तानी नौसेना ने एक वीडियो भी जारी किया है।

पाकिस्तान की इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (आईएसपीआर) ने कहा कि पाकिस्तानी नौसेना ने भारतीय नौसेना की एक पनडुब्बी के पाकिस्तान के जलक्षेत्र में प्रवेश करने के प्रयास को नाकाम कर दिया है।

पाकिस्तानी सेना के मीडिया विंग द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, भारतीय पनडुब्बी ने 16 अक्टूबर को पाकिस्तान के जल क्षेत्र में प्रवेश करने की कोशिश की थी, लेकिन पाकिस्तानी नौसेना ने इस बारे में पहले ही पता लगा लिया था और भारत की पनडुब्बी को ट्रैक कर लिया था।

बयान में आगे कहा गया है कि ये अपनी तरह की ऐसी तीसरी घटना है, जब पाकिस्तानी नौसेना के लंबी दूरी के समुद्री गश्त वाले विमान के सहारे भारतीय पनडुब्बी का पता लगाते हुए उसे ट्रैक कर लिया गया।

पूर्व में भी ऐसी दो कोशिशें नाकाम कर चुकी है पाक नौसेना

पाकिस्तानी मीडिया के अनुसार इसके पूर्व मार्च, 2019 और नवंबर, 2016 में भी भारत की ओर से ऐसी कोशिशें की जा चुकी हैं। लेकिन पाकिस्तानी नौसेना ने दोनों बार भारतीय पनडुब्बियों को इसी तरह डिटेक्ट उन्हें पाकिस्तानी जल क्षेत्र से बाहर कर दिया था।

भारतीय सूत्रों ने पाकिस्तान के दावे को किया खारिज

इस मामले में भारतीय नौसेना की तरफ से आधिकारिक बयान नहीं आया है। हालांकि भारतीय सूत्रों ने पाकिस्तान के इस दावे को खारिज किया है। ज्ञातव्च है कि संयुक्त राष्ट्र कन्वेंशन के समुद्री कानून के अनुसार किसी भी देश के स्पेशल इकोनॉमिक जोन में कोई भी दूसरा देश बिना किसी पूर्व जानकारी के किसी तरह की गतिविधियों को अंजाम नहीं दे सकता। स्पेशल इकोनॉमिक जोन में तटीय देशों को सभी प्राकृतिक संसाधनों की खोज, दोहन, संरक्षण और प्रबंधन का संप्रभुता अधिकार प्राप्त होता है।