Site icon hindi.revoi.in

ICC टी20 विश्व कप : पाकिस्तान ने पूरी की सुपर 8 की लाइनअप, अंतिम लीग मैच में नामीबिया को रौंदा

Social Share

कोलंबो, 18 फरवरी। पाकिस्तान को ICC टी20 विश्व कप में बुधवार को यहां ‘करो या मरो’ के मुकाबले में सलामी बल्लेबाज साहिबजादा फरहान के विस्फोटक शतकीय प्रहार (नाबाद 100 रन, 58 गेंद, चार छक्के, 11 चौके) के बाद स्पिनरद्य उस्मान तारिक (4-16) व शादाब खान (3-19) की गेंदबाजी का सहारा मिला और उसने नामीबिया को 102 रन से रौंदते हुए ग्रुप ए में भारत के पीछे दूसरे स्थान पर हराकर सुपर 8 की लाइनअप पूरी कर ली।

फरहान के शतकीय प्रहार के बाद स्पिनरों की मारक गेंदबाजी

सिंहलीज स्पोर्ट्स क्लब गाउंड पर पहले बल्लेबाजी करने उतरे पकिस्तान ने फरहान की त्वरित शतकीय पारी के सहारे तीन विकेट पर 199 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में ‘मिस्ट्री’ स्पिनर तारिक और लेग स्पिनर शादाब के सामने नामीबियाई टीम 17.3 ओवरों में सिर्फ 97 रनों पर बिखर गई।

स्कोर कार्ड

‘प्लेयर ऑफ द मैच’ फरहान की बल्लेबाजी पर नजर डालें तो वह टी20 विश्व कप में वह विश्व कप में शतक जड़ने वाले पाकिस्तान के दूसरे खिलाड़ी बन गए। इससे पहले 2014 में मीरपुर में अहमद शहजाद ने बांग्लादेश के खिलाफ शतक लगाया था।

फरहान की सलमान व शादाब संग दो अर्धशतकीय भागीदारियां

अपने शतक के दूसरे 50 रनों के लिए सिर्फ 20 गेंदों का सामना करने वाले फरहान ने कप्तान सलमान आगा (38 रन, 23 गेंद, दो छक्के, तीन चौके) के साथ तीसरे विकेट पर 67 रन जोड़े जबकि शादाब खान (नाबाद 36 रन, 22 गेंद, तीन छक्के,एक चौका) के साथ चौथे विकेट पर अटूट 81 रनों की भागीदारी से उन्होंने दल को 199 रनों तक पहुंचा दिया।

तीसरी जीत से ग्रुप ए में दूसरे स्थान पर रहा पाकिस्तान

भारत व नीदरलैंड्स के बीच ग्रुप ए के अंतिम लीग मैच से पहले पाकिस्तान ने, जिसे बीते रविवार को भारत के खिलाफ पराजय झेलनी पड़ी थी, अपनी तीसरी जीत से छह अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहकर प्रथम चरण का समापन किया। वहीं अमेरिका चार अंक लेकर तीसरे स्थान पर रहा जबकि नामीबिया का अभियान चारों मैचों में हार के साथ समाप्त हुआ।

टी20 विश्व कप के अगले संस्करण का टिकट भी पक्का किया

टी20 विश्व कप में रनों के लिहाज से सबसे बड़ी जीत दर्ज करने वाले पाकिस्तान ने इसके साथ ही टी20 विश्व कप के अगले चरण के लिए अपना क्वालीफिकेशन भी सुनिश्चित किया, जो 2028 में ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड की सह मेजबानी में खेला जाएगा।

सुपर 8 का कार्यक्रम जारी, 8 टीमों के बीच 9 दिनों में होंगे 12 मुकाबले

सुपर 8 का जहां तक सवाल है तो पाकिस्तान से पहले संयुक्त मेजबानद्वय भारत (ग्रुप ए) व श्रीलंका (ग्रुप बी) के अलावा, जिम्बाब्वे (ग्रुप बी), वेस्टइंडीज व इंग्लैंड (ग्रुप सी) और दक्षिण अफ्रीका व न्यूजीलैंड (ग्रुप डी) की टीमें पहले ही लीग चरण पार कर चुकी हैं।

भारत के ग्रुप एक में जिम्बाब्वे, वेस्टइंडीज व दक्षिण अफ्रीका

हालांकि लीग चरण में अभी कुछेक मैच खेले जाने हैं, लेकिन सुपर-8 का कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। आठ टीमों के बीच नौ दिनों में कुल 12 मुकाबले होंगे। सुपर 8 के ग्रुप एक में भारत, जिम्बाब्वे, वेस्टइंडीज व दक्षिण अफ्रीका और ग्रुप दो में श्रीलंका, पाकिस्तान, न्यूजीलैंड, इंग्लैंड को रखा गया है।

भारत का पहला मैच 22 फरवरी को दक्षिण अफ्रीका से होगा

सुपर 8 राउंड के मुकाबलों की शुरुआत 21 फरवरी से होगी। ग्रुप एक की टीमें अपने मैच भारत में खेलेंगी जबकि ग्रुप दो की टीमें श्रीलंका में खेलेंगी। 21 फरवरी को सुपर-8 का पहला मुकाबला कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में न्यूजीलैंड और पाकिस्तान के बीच होगा। भारतीय टीम अपना पहला मैच 22 फरवरी को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेलेगी।

8 मार्च को खेला जाएगा खिताबी मुकाबला

सुपर 8 चरण में हर टीम ग्रुप की तीन अन्य टीमों से खेलेगी। प्रत्येक ग्रुप से शीर्ष दो टीमें नॉकआउट सेमीफाइनल में पहुंचेंगी। टीमें सुपर 8 की शुरुआत शून्य अंक के साथ करेंगी। पहले राउंड के कोई भी अंक, जीत या नेट रन रेट आगे नहीं बढ़ाए जाते। चार व पांच मार्च को सेमीफाइनल मैच खेले जाएंगे जबकि आठ मार्च को फाइनल होगा।

Exit mobile version