Site icon hindi.revoi.in

MP में शादी के नाम पर 42 से ज्यादा परिवारों से लाखों रुपए की ठगी, मौके पर न दुल्हन मिलीं न आयोजक

Social Share

देवास, 25 मई: मध्य प्रदेश के देवास जिले में सामूहिक विवाह के नाम पर 42 से अधिक परिवारों से लाखों रुपए ठगने का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। आयोजकों ने परिवारों को देवास बुलाकर फरार हो गए। न दुल्हनें मिलीं और न ही आयोजक। पीड़ित परिवार सदमे में हैं। शमशाबाद के एक दंपति पर आरोप है कि उन्होंने विभिन्न जिलों के अविवाहित युवकों के परिवारों से संपर्क कर 25 मई को सामूहिक विवाह समारोह कराने का वादा किया।

इसके लिए उन्होंने प्रति परिवार 25 हजार रुपए जमा कराए। आरोपियों ने एक परिचित के जरिए उन परिवारों को टारगेट किया, जहां युवकों की शादी नहीं हो पा रही थी। परिवारों को भरोसा दिलाया गया कि 24 मई को माता टेकरी दर्शन और 25 मई को राधागंज स्थित क्लब मैदान में सामूहिक विवाह होगा। ठहरने की व्यवस्था भी की जाएगी।

क्या हुआ देवास में?24-25 मई को विभिन्न जिलों से युवक और उनके परिजन देवास के राधागंज क्लब मैदान पहुंचे। लेकिन वहां न तो कोई विवाह समारोह था, न दुल्हनें और न ही आयोजक। घंटों इंतजार करने के बाद परिवारों को ठगी का अंदाजा हुआ। पीड़ितों ने मौके पर मौजूद दिनेशदास बैरागी के भाई से जवाब-तलब किया।

पुलिस की कार्रवाई

बीएनपी थाना पुलिस के अनुसार, जिन लोगों ने पैसे लिए हैं, वे फिलहाल फरार हैं। पुलिस उनके एक परिचित से पूछताछ कर रही है। पीड़ितों के बयान दर्ज कर मामले की जांच चल रही है और जल्द ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।यह घटना सामूहिक विवाह के नाम पर हो रही ठगी की बढ़ती प्रवृत्ति को उजागर करती है, जिसमें आसान शादी के लालच में गरीब और मध्यम वर्ग के परिवार फंस रहे हैं।

Exit mobile version