Site icon hindi.revoi.in

दिल्ली में ऑरेंज अलर्ट जारी : गर्मी ने अप्रैल में तोड़ा 72 वर्षों का रिकॉर्ड, मौसम विभाग ने दी ‘लू’ चलने की चेतावनी

Social Share
FacebookXLinkedinInstagramTelegramWhatsapp

नई दिल्ली, 10 अप्रैल। राष्ट्रीय राजधानी में रविवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस अधिक 23.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है। वहीं, भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने दिल्ली के कई हिस्सों में ‘लू’ चलने की चेतावनी के साथ ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

मौसम वैज्ञानिकों ने दिन में आसमान साफ रहने और राष्ट्रीय राजधानी में कुछ स्थानों पर लू चलने का पूर्वानुमान व्यक्त किया है। शनिवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो पिछले पांच वर्षों में अप्रैल के महीने में सबसे ज्यादा था। हरियाणा के गुरुग्राम में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के आस पास रहा।

दरअसल, दिल्ली में अप्रैल के महीने में अब तक का सर्वाधिक तापमान 29 अप्रैल, 1941 को 45.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। उसके बाद 21 अप्रैल, 2017 को अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। मौसम विभाग ने शनिवार को कहा कि 72 वर्षों में ऐसा पहली बार हुआ, जब दिल्ली में अप्रैल के पहले सप्ताह में इतना अधिक तापमान दर्ज किया गया।

वस्तुतः मौसम की चेतावनी के लिए आईएमडी चार रंगों का कोड इस्तेमाल करता है – हरा (किसी काररवाई की जरूरत नहीं), पीला (धैर्य रखिए और जानकारी लेते रहिए), ऑरेंज (तैयार रहिए) और लाल (काररवाई करें)।

इस बीच सफदरजंग वेधशाला में अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो साल के इस समय के लिए सामान्य से आठ डिग्री ज्यादा था। एनसीआर में गुरुग्राम का तापमान 44.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो औसत से 10 डिग्री ज्यादा था। गुरुग्राम में अप्रैल के महीने में अब तक का सर्वाधिक तापमान 28 अप्रैल, 1979 को 44.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

तपा रही है गर्मी, राहत के ज्यादा आसार  नहीं

आईएमडी ने कहा कि मंगलवार से आकाश में बादल छाए रहने के कारण भीषण गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। राष्ट्रीय राजधानी के कुछ हिस्सों में पिछले सप्ताह से गर्म हवाएं चल रही हैं और अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। स्काईमेट वेदर के उपाध्यक्ष (मौसम विज्ञान और जलवायु परिवर्तन) महेश पालावत ने कहा कि यह असामान्य है कि अप्रैल के पहले 10 दिन में उत्तर पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है।

पालावत ने कहा कि अप्रैल में दिल्ली में सामान्य से अधिक गर्म हवा वाला दिन रहने का प्रबल अंदेशा है। उन्होंने कहा कि राजधानी में इस महीने गर्म हवा वाले तीन दिन दर्ज किए गए हैं और यह स्थिति आने वाले दो से तीन दिन और जारी रह सकती है। मैदानी इलाकों के लिए लू की स्थिति तब घोषित की जाती है, जब अधिकतम तापमान 40 डिग्री से ज्यादा हो और सामान्य से कम से कम 4.5 डिग्री अधिक हो।

Exit mobile version