Site icon Revoi.in

ओपिनियन पोल : गुजरात और हिमाचल प्रदेश में बरकरार रहेंगी भाजपा की सरकारें

Social Share

नई दिल्ली, 10 नवम्बर। गुजरात और हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनावों को लेकर एक और ओपिनियन पोल सामने आया है। इस ओपिनियन पोल में भी गुजरात और हिमाचल प्रदेश में फिर से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सत्ता में वापसी दिखाई दे रही है। रिपब्लिक टीवी-पी-एमएआरक्यू ओपिनियन पोल के अनुसार गुजरात और हिमाचल प्रदेश में भाजपा की जीत की भविष्यवाणी की गई है, जहां पहले से ही भाजपा की सरकारें हैं।

गुजरात में भाजपा को दो तिहाई बहुमत मिलने के आसार

रिपब्लिक टीवी-पी-एमएआरक्यू ओपिनियन पोल में गुजरात में बीजेपी के लिए दो तिहाई बहुमत (182 में से 127-140) के बीच 46.2 प्रतिशत वोट शेयर की भविष्यवाणी की गई है, जो 2017 के चुनाव परिणाम से काफी बेहतर है।

कांग्रेस को 28.4 फीसदी वोट शेयर का अनुमान, ‘आपजीत सकती है 9-21 सीटें

वहीं कांग्रेस को 28.4 प्रतिशत वोट शेयर के साथ 37-45 सीटें जीतने का अनुमान जताया गया है जबकि आम आदमी पार्टी (आप) 20.6 प्रतिशत वोटों के साथ 9-21 सीटें जीत सकती है। कुछ अन्य पार्टियों के लिए चुनावों में तीन सीटों की भविष्यवाणी की गई है। अन्य को 0-2 सीटें मिल सकती हैं।

हिमाचल में भाजपा को 37-45 सीटें मिलने की उम्मीद, कांग्रेस का प्रदर्शन भी सुधरेगा

हिमाचल प्रदेश की बात करें तो ओपिनियन पोल में 68 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा को 45.2 फीसदी वोट शेयर के साथ 37-45 सीटें मिलने की संभावना है। कांग्रेस को 22-28 सीटें और 40.1 फीसदी वोट मिलेंगे। हालांकि इसमें कहा गया है कि 2017 से कांग्रेस के प्रदर्शन में इस बार सुधार देखा जा सकता है। हिमाचल में ‘आप’ को एक सीट 5.2 फीसदी वोटों के साथ मिल सकती है जबकि अन्य को 1-4 सीटें मिल सकती हैं।

गुजरात विधानसभा चुनाव  दो चरणों में होगा। राज्य में दो चरणों में एक और पांच दिसम्बर को वोटिंग होगी। हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव एक चरण में पूरा होगे। 12 नवम्बर को राज्य में वोट डाले जाएंगे। दोनों राज्यों में वोटों की गिनती 8 दिसम्बर को होगी।