Site icon Revoi.in

हर घर दस्तक अभियान : दिनभर में लगाए गए एक करोड़ कोविडरोधी टीके, कुल आंकड़ा 127 करोड़ के पार

Social Share

नई दिल्ली, 5 दिसंबर। कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन के भारत में भी फैलाव से बढ़ती चिंताओं के बीच शनिवार को एक बार फिर देश ने एक दिन में एक करोड़ से ज्यादा कोविडरोधी टीके लगाकर महत्‍वपूर्ण उपलब्धि हासिल की। देश में अब तक कोविडरोधी टीकाकरण 127.61 करोड़ के पार पहुंच चुका है।

स्‍वास्‍थ्‍य मंत्री मनसुख मंडाविया ने एक ट्वीट में कहा कि हर घर दस्‍तक अभियान तेज रफ्तार से चल रहा है। इस क्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्‍व में विश्‍व का सबसे बड़ा टीकाकरण अभियान नई ऊंचाईयों को छू रहा है और नए कीर्तिमान बना रहा है। उन्होंने अपने ट्वीट में कहा कि अब तक 50 फीसदी पात्र आबादी को दोनों टीके लगाए जा चुके हैं।

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से रविवार को जारी आंकड़ों के अनुसार शनिवार को 1,04,18,707 लोगों को वैक्सीन की पहली या दूसरी खुराक दी गई। इसके साथ ही 323 दिनों में टीकाकरण का कुल आंकड़ा 1,27,61,83,065 तक जा पहुंचा है।

बिहार और केरल का बैकलॉग जोड़कर दिनभर में कुल 2,796 मौतें

इस बीच स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार रविवार को 8,895 नए संक्रमितों की पुष्टि हुई तो 6,918 लोग स्वस्थ घोषित किए गए जबकि 2,796 मौतें दर्शाई गई। इनमें बिहार के और केरल के बैकलॉल भी शामिल हैं। बिहार ने अपने कोविड-19 डेटा का मिलान करने के बाद दिनभर में 2,426 मौतें दर्शाई हैं वहीं केरल ने अपने आकड़े में 263 बैकलॉग जोड़कर 315 मौतें दिखाई हैं। इसी क्रम में अब देश में 99,155 सक्रिय मामले रह गए हैं।

स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी 4 दिसंबर, 2021 के कोविड आंकड़ों पर एक नजर

24 घंटे के दौरान नए संक्रमित : 8,895

24 घंटे के दौरान स्वस्थ मरीज : 6,918

24 घंटे के दौरान कुल मौतें : 2,796 (इनमें बिहार व केरल के बैकलॉग भी शामिल)

अब तक कुल संक्रमित : 3,46,33,255

अब तक कुल स्वस्थ : 3,40,60,774

रिकवरी दर : 98.35%

अब तक कुल मौतें : 4,73,326

मृत्यु दर : 1.37%

इलाजरत मरीज : 99,155 (दैनिक गिरावट 819)

सक्रियता दर : 0.29%

24 घंटे के दौरान टीकाकरण : 1,04,18,707

323 दिनों में कुल टीकाकरण  : 1,27,61,83,065

24 घंटे के दौरान सैम्पल की जांच : 12,26,064

अब तक कुल सैम्पल की जांच : 64,72,52,850.