Site icon Revoi.in

कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन ने भारत में भी दी दस्तक, कर्नाटक में 2 केस मिले, संपर्क में आए 5 अन्य भी पॉजिटिव

Social Share

नई दिल्ली, 2 दिसंबर। पिछले माह दक्षिण अफ्रीका में पहली बार उभरा कोविड-19 का नया और खतरनाक माना जा रहा वैरिएंट ‘ओमिक्रॉन’ दुनिया के अन्य कई देशों की भांति भारत में भी दस्तक दे चुका है। दक्षिणी राज्य कर्नाटक में इस नए वैरिएंट के दो केस सामने आए हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने गुरुवार को राष्ट्रीय मीडिया केंद्र में आहूत नियमित प्रेस ब्रीफिंग में औपचारिक रूप से इसकी पुष्टि कर दी है।

अब 29 देशों में ओमिक्रॉन वैरिएंट से पीड़ित 373 मरीज

भारत में दो ऐसे मामलों की पुष्टि के साथ ही दुनियाभर के 29 देशों में अब तक ओमिक्रॉन का फैलाव हो चुका है और इससे पीड़ित 373 मरीजों का इलाज चल रहा है। एक दिन पहले ही अमेरिका ने भी ओमिक्रॉन वैरिएंट की पुष्टि की है। वहां पर कैलिफोर्निया में मिला मिला मरीज एक सप्ताह पूर्व दक्षिण अफ्रीका से अमेरिका लौटा था।

स्वास्थ्य सचिव ने अपनी ब्रीफिंग में ओमिक्रॉन वैरिएंट के दो नए मामलों की पुष्टि तो की, लेकिन उन्होंने संक्रमित लोगों के बारे में विस्तृत जानकारी देने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा, ‘निजता के कारण हम संक्रमित लोगों की जानकारी पब्लिक डोमेन में नहीं रखते हैं। फिलहाल दोनों मरीजों की लगातार निगरानी की जा रही है।’

कर्नाटक में मिले दोनों संक्रमित दक्षिण अफ्रीका के मूल निवासी

स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार ओमिक्रॉन संक्रमित दोनों व्यक्तियों की उम्र 66 वर्ष और 46 वर्ष है। दोनों ही दक्षिण अफ्रीका के निवासी हैं।  दोनों मामले जीनोम सीक्वेंसिंग के द्वारा ही पता लगाए गए हैं। हालांकि स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि इसमें घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन कोरोना प्रोटोकॉल का पालन किए जाने की सख्त आवश्यकता है।

दूसरे व्यक्ति के संपर्क में आए 5 लोगों को हुआ संक्रमण

प्राप्त जानकारी के अनुसार ओमिक्रॉन से संक्रमित पहला व्यक्ति दक्षिण अफ्रीका से आया था। यह यात्री ठीक होने के बाद भारत से लौट भी चुका है। उसके संपर्क में आने वाले सभी लोगों का कोरोना टेस्ट नेगेटिव आया है। वहीं दूसरे रोगी की कोई ट्रैवल हिस्ट्री नहीं है। उसके संपर्क में आने वाले पांच लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। हालांकि, राहत की बात है कि दोनों रोगियों में कोरोना के हल्के लक्षण थे। अब दोनों लोग ठीक हो चुके हैं।

पहले यात्री के 24 कॉन्टेक्ट का पता लगाया गया

उधर कर्नाटक के स्वास्थ्य मंत्री डॉ के. सुधाकर ने बताया कि कर्नाटक से दोनों सैंपल जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए भेजे थे, जो ओमीक्रोन पॉजिटिव मिले थे। इसमें से एक 66 साल के दक्षिण अफ्रीकी नागरिक हैं। वह वापस चले गए हैं। इनके संपर्क में आए 24 प्राथमिक और 240 सेकेंडरी सम्पर्कों का पता लगा लिया गया है।