Site icon Revoi.in

भारत में कोरोना संकट : नए संक्रमितों की संख्या में फिर उछाल, दिनभर में लगभग 3 लाख मरीज स्वस्थ

Social Share

नई दिल्ली, 26 जनवरी। कोरोना महामारी की तीसरी लहर के दौरान लगातार दूसरे दिन तीन लाख से कम कुल 2,85,914 नए संक्रमितों की पुष्टि हुई। लेकिन 24 घंटे पूर्व के मुकाबले इस संख्या में 30 हजार से ज्यादा बढ़ोतरी देखने को मिली। सोमवार को देश में 2,55,874 नए केस सामने आए थे। यही वजह रही कि दैनिक संक्रमण दर तनिक बढ़ोतरी के बीच 16.16 फीसदी हो गई है।

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से  बुधवार को जारी बुलेटिन के अनुसार नए मामलों के सापेक्ष दिनभर में तीन लाख के करीब कुल 2,99,073 मरीज स्वस्थ घोषित किए गए जबकि 581 रोगियों की मौत हुई। लेकिन केरल का 84 बैकलॉग जोड़कर 25 जनवरी की तिथि में कुल 665 मौतें दर्शाई गईं।

देश में अब तक 4 करोड़ लोगों में संक्रमण की पुष्टि

स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों पर गौर करें तो देश में दो वर्ष से जारी कोरोना महामारी के बीच पुष्ट मामलों की संख्या चार करोड़ के पार 4,00,85,116 तक जा पहुंची है। इनमें 93.23 फीसदी की दर से 3.73 करोड़ से ज्यादा 3,73,70,971 लोग स्वस्थ भी घोषित किए जा चुके हैं जबकि 1.23 फीसदी की दर से अब तक 4.91 लाख से ज्यादा कुल 4,91,127 लोगों की मृत्यु हो चुकी है।

लगातार दूसरे दिन सक्रिय मामलों में कमी

मंत्रालय के अनुसार एक्टिव रेट तनिक गिरावट के बाद 5.55 फीसदी पर रहा और लगातार दूसरे दिन सक्रिय मामलों में 13,824 की गिरावट देखने को मिली। हालांकि देश में अब भी 22 लाख से ज्यादा कुल 22,23,018 इलाजरत मरीज हैं।

छह राज्यों में एक लाख से ज्यादा एक्टिव केस

कर्नाटक – एक्टिव केस 3,50,772     नए केस 41,400

महाराष्ट्र – एक्टिव केस 3,06,752    नए केस 33,914

केरल –     एक्टिव केस 2,86,077     नए केस 55,475

तमिलनाडु – एक्टिव केस 2,11,270  नए केस 30,055

गुजरात – एक्टिव केस 1,34,261     नए केस 16,608

आंध्र प्रदेश – एक्टिव केस 1,01,396 नए केस 13,819

375 दिनों में 163 करोड़ से ज्यादा लोगों का टीकाकरण

इस बीच राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत 375 दिनों में अब तक 163 करोड़ के ज्यादा कुल 1,63,58,44,536 लोगों को कोविडरोधी टीके की पहली या दूसरी डोज दी जा चुकी है। मंगलवार को 59,50,731 लोगों को वैक्सीन की डोज दी गई। उधर आईसीएमआर के अनुसार 25 जनवरी को कुल 17,69,745 लोगों के कोरोना सैंपल की जांच की गई। इसके साथ ही अब 72.04 करोड़ लोगों की कोरोना जांच की जा चुकी है।