Site icon Revoi.in

भारत में कोरोना संकट : नए संक्रमितों की संख्या फिर 40 हजार के पार, रिकवरी दर 97.48%

Social Share

नई दिल्ली, 9 सितम्बर। कोविड-19 से संघर्ष के बीच तीन दिनों के अंतराल बाद एक बार फिर देश में नए संक्रमितों की संख्या 40 हजार के पार 43,263 दर्ज की गई और 338 लोगों की मौत हुई जबकि 40,567 लोग स्वस्थ घोषित किए गए। इस क्रम में बुधवार को स्वस्थ होने वालों की दर 97.487 फीसदी रही। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने गुरुवार को यह जानकारी दी।

देश में 3.93 लाख से ज्यादा इलाजरज मरीज

मंत्रालय के अनुसार देश में अब तक 3.31 करोड़ से ज्यादा लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है जबकि 3.23 करोड़ लोग स्वस्थ घोषित किए गए हैं। हालांकि इस दौरान 4.41 लाख से ज्यादा लोगों की मौत भी हो चुकी है। एक्टिव केस में 2,358 की वृद्धि के बीच बुधवार तक देश में 1.19 फीसदी की दर से 3,93,614 इलाजरत मरीज थे।

मौजूदा दैनिक पॉजिटिविटी दर 2.38 प्रतिशत

मौजूदा दैनिक पॉजिटिविटी दर 2.38 प्रतिशत है, जो पिछले 10 दिनों से तीन प्रतिशत से कम है। इसी प्रकार साप्ताहिक पॉजिटिविटी दर वर्तमान में 2.43 प्रतिशत है, जो  पिछले 76 दिनों से तीन प्रतिशत से कम है।

केरल में फिर 30 हजार से ज्यादा नए मामले

राज्यों की बात करें तो कोरोना से सर्वाधिक प्रभावित केरल में एक बार फिर 30 हजार से ज्यादा कुल 30,196 नए मामले पाए गए और 181 लोगों की मौत हुई जबकि 27,579 लोग स्वस्थ हुए। एक्टिव केस में 2,436 की दैनिक वृद्धि के बीच आठ सितम्बर तक राज्य में 2,40,037 मरीजों की इलाज चल रहा था। वैसे बुधवार को 20 राज्यों में एक्टिव केस बढ़े। हालांकि केरल के बाद मिजोरम (318) व ओडिशा (180) ही रहे, जहां यह वृद्धि तीन अंकों में दर्ज की गई।

स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी कोविड आंकड़ों पर एक नजर –

24 घंटे के दौरान नए संक्रमित : 43,263

24 घंटे के दौरान स्वस्थ मरीज : 40,567

24 घंटे के दौरान कुल मौतें : 338

अब तक कुल संक्रमित : 3,31,39,981

अब तक कुल स्वस्थ : 3,23,04,618

रिकवरी दर : 97.48%

अब तक कुल मौतें : 4,41,749

मृत्यु दर : 1.33%

इलाजरत मरीज : 3,93,614 (दैनिक वृद्धि 2,358)

सक्रियता दर : 1.19%

24 घंटे के दौरान टीकाकरण : 86,51,701

236 दिनों में कुल टीकाकरण : 71,65,97,428

24 घंटे के दौरान सैम्पल की जांच : 18,17,639

अब तक कुल सैम्पल की जांच : 53,68,17,243.