Site icon Revoi.in

भारत में कोरोना संकट : इलाजरत मरीजों की संख्या 4 लाख के पार, 42 हजार से ज्यादा नए संक्रमित

Social Share

नई दिल्ली, 4 सितम्बर। कोविड-19 से जूझ रहे भारत में पिछले दो दिनों के मुकाबले संक्रमण के नए मामलों में अपेक्षाकृत कमी रही, फिर भी लगातार चौथे दिन 40 हजार से ज्यादा 42,618 नए संक्रमित पाए गए तो 36,385 मरीज स्वस्थ घोषित किए जबकि 330 लोगों की मौत हुई।

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से शनिवार को जारी नई बुलेटिन के अनुसार देशभर में अब तक 3.29 करोड़ से ज्यादा लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। इनमें 3.21 करोड़ लोग स्वस्थ घोषित किए जा चुके हैं। हालांकि इस दौरान 4.40 लाख से ज्यादा जानें भी जा चुकी हैं। एक्टिव केस में 5,903 की दैनिक वृद्धि के बीच शुक्रवार तक देश में इलाजरत मरीजों की संख्या चार लाख के पार 4,05,681 तक जा पहुंची थी।

केरल में 3 दिनों बाद नए केस 30 हजार से कम

मौजूदा वक्त कोरोना संक्रमण से सबसे बुरी तरह प्रभावित केरल में तीन दिनों बाद 30 हजार से कम 29,322 नए केस सामने आए तो 22,938 लोग स्वस्थ घोषित किए गए जबकि 131 लोगों की मौत हुई। केरल ही इकलौता राज्य रहा, जहां दिनभर में 100 से ज्यादा जानें गईं। एक्टिव केस में 6,253 की दैनिक बढ़ोतरी के बाद तीन सितम्बर तक राज्य में कुल 2,46,989 सक्रिय मामले थे।

मंत्रालय के अनुसार शुक्रवार को देश के 16 राज्यों में एक्टिव केस बढ़े। इनमें केरल के बाद आंध्र प्रदेश (220) और मिजोरम (134) ही रहे, जहां 100 से ज्यादा दैनिक वृद्धि दर्ज की गई। अन्य 13 राज्यों में अधिकतम दैनिक वृद्धि 60 की रही।

देशभर में 58.85 लाख लोगों का टीकाकरण

इस बीच टीकाकरण अभियान के तहत देशभर में 58.85 लाख से ज्यादा लोगों का टीकाकरण किया गया। अब तक 231 दिनों में 67.72 करोड़ से ज्यादा लोगों को वैक्सीन की पहली या दूसरी डोज दी जा चुकी है। उधर आईसीएमआर के अनुसार शुक्रवार को 17 लाख लोगों के सैम्पल की जांच की गई। इसके साथ ही देश में अब तक 52.81 करोड़ लोगों की जांच की जा चुकी है।

स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी कोविड आंकड़ों पर एक नजर –

24 घंटे के दौरान नए संक्रमित : 42,618

24 घंटे के दौरान स्वस्थ मरीज : 36,385

24 घंटे के दौरान कुल मौतें : 330

अब तक कुल संक्रमित : 3,29,45,907

अब तक कुल स्वस्थ : 3,21,00,001

रिकवरी दर : 97.43%

अब तक कुल मौतें : 4,40,225

मृत्यु दर : 1.34%

इलाजरत मरीज : 4,05,681 (दैनिक वृद्धि 5,903)

सक्रियता दर : 1.23%

24 घंटे के दौरान टीकाकरण : 58,85,687

231 दिनों में कुल टीकाकरण : 67,72,11,205

24 घंटे के दौरान सैम्पल की जांच : 17,04,970

अब तक कुल सैम्पल की जांच : 52,81,20,022.