Site icon hindi.revoi.in

नोएडा की इलेक्ट्रॉनिक चिप फैक्ट्री में भीषण आग, दीवार गिरने से दो फायरकर्मियों की मौत, तीन घायल

Social Share

नोएडा, 4 जुलाई। गौतमबुद्ध नगर के थाना ईकोटेक-3 क्षेत्र स्थित इलेक्ट्रॉनिक चिप निर्माण करने वाली आईएलजीआईएम (ILGIM) कंपनी में मंगलवार तड़के भीषण आग लगने के बाद बड़ा हादसा हो गया। आग बुझाने के दौरान कंपनी की एक दीवार और लोहे का भारी बीम अचानक भरभराकर गिर पड़ा। इसकी चपेट में आने से फायर विभाग के पांच जवान गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें दो फायरकर्मियों की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि तीन अन्य का अस्पताल में उपचार चल रहा है।

रात तीन बजे मिली थी आग लगने की सूचना

पुलिस के अनुसार, 3 और 4 अगस्त की मध्यरात्रि करीब तीन बजे आईएलजीआईएम कंपनी में आग लगने की सूचना फायर विभाग और पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही थाना ईकोटेक-3 पुलिस, फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया, लेकिन इसी दौरान कंपनी की एक साइड की दीवार और लोहे का भारी बीम अचानक गिर गया, जिससे राहत कार्य में जुटे पांच फायरकर्मी मलबे में दब गए।

दो फायरकर्मियों ने गंवाई जान

हादसे में घायल फायरकर्मियों की पहचान मुख्य आरक्षी चालक राजपाल सिंह, मुख्य आरक्षी चालक तीरथपाल सिंह, फायरमैन रोहित यादव, मनीष कुमार और अमित कुमार के रूप में हुई। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने फायरमैन रोहित यादव और मुख्य आरक्षी चालक तीरथपाल सिंह को मृत घोषित कर दिया। वहीं मनीष कुमार, अमित कुमार और राजपाल सिंह की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

आग लगने के कारणों की जांच शुरू

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि कंपनी में इलेक्ट्रॉनिक पीसीबी (PCB) चिप का निर्माण किया जाता है। आग किन कारणों से लगी, इसका अभी तक खुलासा नहीं हो सका है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, फायर विभाग के अधिकारी और एसडीआरएफ (स्टेट डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स) की टीम मौके पर पहुंचकर राहत कार्य और जांच में जुटी रही।

सुरक्षा मानकों की भी होगी जांच

पुलिस का कहना है कि हादसे के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। विशेष रूप से यह देखा जाएगा कि कंपनी में अग्नि सुरक्षा और अन्य सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं। हादसे में जान गंवाने वाले दोनों फायरकर्मियों के प्रति प्रशासन ने गहरा शोक व्यक्त किया है। पुलिस ने बताया कि मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

Exit mobile version