Site icon hindi.revoi.in

नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार की राजनीति में एंट्री, बोले- ‘मैं लोगों के हृदय में बसने की कोशिश करूंगा’

Social Share

पटना, 8 मार्च। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार ने रविवार को दोपहर एक बजे औपचारिक रूप से जनता दल (यूनाइटेड) की सदस्यता ग्रहण कर ली। पटना स्थित जदयू के प्रदेश कार्यालय में कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा ने निशांत कुमार को सदस्यता दिलाई जबकि केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने पार्टी का अंग वस्त्र प्रदान किया।

जदयू की सदस्यता लेने के बाद निशांत ने ललन सिंह और संजय झा के पैर छुए। इस दौरान मंच पर विजय चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा सहित अन्य नेता मौजूद रहे। लेकिन खुद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शामिल नहीं हुए।

निशांत कुमार ने इस अवसर पर मौजूद पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज वह आधिकारिक तौर पर पार्टी में शामिल हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि इस मौके पर यहां पहुंचे नेता-कार्यकर्ताओं को बहुत-बहुत धन्यवाद। वे पार्टी को मजबूत करने और आगे बढ़ाने की भरपूर कोशिश करेंगे। पापा (नीतीश कुमार) ने 20 वर्षो में जो काम किया है, उसे घर-घर पहुंचाने का वह काम करेंगे। जनता के दिल में जगह बनाएंगे और जदयू के कार्यकर्ता के तौर पर पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूत करेंगे।

उन्होंने कहा, ‘पापा पर विश्वास रखिए। मैं लोगों के हृदय में बसने की कोशिश करूंगा।’ पार्टी कार्यालय जाने से पहले निशांत हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना की, जिसके बाद वह आधिकारिक रूप से जदयू का हिस्सा बने। अब सियासी गलियारों में निशांत कुमार को उप मुख्यमंत्री और गृह मंत्री जैसे महत्वपूर्ण पद देने की चर्चा तेज हो गई है।

इस बीच निशांत कुमार के जदयू में शामिल होते ही पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच खुशी की लहर देखने के लिए मिली। बिहार के अलग-अलग जिलों से आए हजारों समर्थकों की भारी भीड़ निशांत को पार्टी में शामिल किए जाने की ख़ुशी में पटना की सड़कों पर उमड़ी। जदयू कार्यालय कार्यकर्ताओं की भीड़ से खचाखच भरा रहा और कार्यकर्ताओं ने जिंदाबाद के नारे भी लगाए। कार्यालय के बाहर निशांत कुमार के पोस्टर लगाए गए हैं और कार्यकर्ता गुलाब के गुलदस्ते लेकर उनके स्वागत की तैयारी में जुटे थे।

Exit mobile version