Site icon hindi.revoi.in

नीतीश कुमार फिर संभालेंगे जदयू की कमान फिर, निर्विरोध बने राष्ट्रीय अध्यक्ष

Social Share

पटना, 24 मार्च। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मंगलवार को एक बार फिर जनता दल (यूनाइटेड) के निर्विरोध राष्ट्रीय अध्यक्ष चुन लिए गए। नामांकन वापसी की समयसीमा समाप्त होने के बाद उनके अलावा किसी अन्य नेता का नामांकन नहीं बचा, जिससे उनका निर्विरोध चुना जाना तय हो गया।

नामांकन वापसी के बाद बनी स्थिति

जदयू के राष्ट्रीय सचिव और मुख्यालय प्रभारी मोहम्मद निसार ने बताया कि अध्यक्ष पद के लिए नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि मंगलवार, पूर्वाह्न 11 बजे थी। समयसीमा समाप्त होने के बाद निर्वाचन अधिकारी के पास केवल नीतीश कुमार का ही नामांकन शेष रहा, जिसके चलते उन्हें निर्विरोध अध्यक्ष घोषित कर दिया गया।

दिल्ली की राजनीति में सक्रिय होंगे नीतीश

नीतीश कुमार के अध्यक्ष बनने के बाद यह लगभग तय माना जा रहा है कि वह राज्यसभा सदस्य के रूप में दिल्ली की राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाएंगे जबकि पार्टी की कमान अपने पास ही रखेंगे। गौरतलब है कि राजीव रंजन सिंह के अध्यक्ष पद छोड़ने के बाद नीतीश ने यह जिम्मेदारी संभाली थी और अब वह चौथी बार जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने हैं।

निशांत कुमार की एंट्री से बढ़ी राजनीतिक हलचल

हाल ही में नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार ने राजनीति में कदम रखा है। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि उन्हें नई सरकार में डिप्टी सीएम बनाया जा सकता है। वहीं, नीतीश के दिल्ली जाने की स्थिति में बिहार में नई सरकार के गठन की संभावनाएं भी तेज हो गई हैं।

Exit mobile version