Site icon Revoi.in

नीतीश कुमार ने कहा – ‘बजट में आज का एलान स्वागत योग्य, केंद्र से अतिरिक्त मदद मिलेगी तो फायदा मिलेगा’

Social Share

पटना, 23 जुलाई। केंद्र में सत्तारूढ़ एनडीए सरकार के प्रमुख सहयोगी दल जनता दल (यू) के प्रमुख व बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने केंद्रीय बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि आज का एलान स्वागत योग्य है। उन्होंने कहा कि केंद्र से यदि अतिरिक्त मदद मिलेगी तो फायदा मिलेगा।

विशेष दर्जा नहीं मिला तो क्या, अतिरिक्त मदद मिलनी शुरू हो गई है

एक दिन पहले संसद में केंद्र सरकार द्वारा बिहार को विशेष राज्य का दर्जा न दिए जाने के संबंध में दिए बयान के बारे में पूछे जाने पर नीतीश ने कहा, ‘सब कुछ धीरे-धीरे जान जाइएगा। विशेष दर्जा नहीं मिला तो क्या हुआ, विशेष मदद मिलनी शुरू हो गई है।’

नीतीश कुमार ने कहा, ‘विशेष दर्जा के लिए हम लोग आंदोलन कर रहे थे और लगातार बोलते रहे। हमने कहा था कि विशेष राज्य का दर्जा दीजिए या विशेष मदद दीजिए, जिससे राज्य आगे बढ़ सके। केंद्र से यदि अतिरिक्त मदद मिलेगी तो फायदा मिलेगा।’

उन्होंने कहा, ‘बिहार को भी आगे बढ़ना है और आगे बढ़ने के लिए उसे विशेष सहायता की जरूरत है। हम लोगों ने तो बहुत कुछ किया है बिहार के लिए। आप लोग तो जान ही रहे हैं बिहार में कैसे हालात थे? 2005 के नवम्बर महीने से जो हम लोगों ने काम करना शुरू किया तो बहुत कुछ बदल गया है।’

नीतीश ने कहा, ‘हम लोगों ने शुरू से कह दिया था कि बिहार को विकास के लिए मदद करिए। बजट में आज मदद करने के लिए केंद्र सरकार ने कई चीजों की घोषणा कर दी है। हम लोग जो इतना काम कर रहे हैं, उसमें केंद्र से बहुत सारी चीजों में और ज्यादा अतिरिक्त मदद मिलेगी तो और फायदा होगा। ये सब तो हो ही रहा है। ये लोग तो बिना मतलब बोल रहा है। विशेष दर्जा बंद हो गया है तो बिहार को विशेष सहायता के तौर पर मदद होनी चाहिए, तो वो लोग मदद करना शुरू कर दिए हैं।’

राजीव रंजन बोले – बजट में बिहार के लिए भरपूर पैकेज

वहीं जदयू के पूर्व अध्यक्ष व मौजूदा केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन (ललन) सिंह ने केंद्रीय बजट पर कहा, ‘हमने बिहार के लिए विशेष दर्जा या विशेष पैकेज की मांग की थी। आज के बजट में बिहार के लिए भरपूर पैकेज है। आप जिस भी क्षेत्र को देखें, चाहे वह बुनियादी ढांचे को मजबूत करना हो या पर्यटन या सिंचाई का विकास करना हो। हर क्षेत्र में योजनाओं की भरमार है। इन योजनाओं के लागू होने के बाद बिहार की विकास दर में तेजी आएगी।’ बिहार के लिए बजट आवंटन को लेकर राबड़ी देवी की ‘झुनझुना’ टिप्पणी पर उन्होंने कहा कि वह बजट जैसी चीजों को कैसे समझेंगी?’

बिहार का विकास देश के विकास के साथ जुड़ा है – रविशंकर प्रसाद

पूर्व केंद्रीय मंत्री व भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद ने कहा कि यह (बजट) भारत के विकसित भारत होने के मार्ग को और मजबूत करेगा। रोजगार के लिए इसमें जो व्यापक रोडमैप बनाया गया है, वो बहुत अभिनंदनीय है…विशेष रूप से बिहार की जो चिंता की गई है…बिहार का विकास देश के विकास के साथ जुड़ा हुआ है।’

मनोज झा बोले – विशेष दर्जा लेकर रहेंगे, चाहे सरकार ही क्यों न बदलनी पड़े

उधर राजद सांसद मनोज झा ने कहा, ‘बिहार को विशेष राज्य का दर्जा चाहिए। हम इसे लेकर रहेंगे, चाहे इसके लिए सरकार ही क्यों न बदलनी पड़े। सिर्फ आंध्र प्रदेश और बिहार का नाम लेने से जमीनी हकीकत नहीं बदलेगी। रोजगार सृजन के लिए बजट में क्या है?’