Site icon hindi.revoi.in

ICC टी20 विश्व कप का पहला शतक निसांका के नाम, श्रीलंका सुपर 8 में, ऑस्ट्रेलिया की विदाई लगभग तय

Social Share

कैंडी, 16 फरवरी। पल्लेकेले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में सोमवार की रात ICC टी20 विश्व कप क्रिकेट टूर्नामेंट के पहले शतकीय प्रहार पर श्रीलंकाई ओपनर पथुम निसांका (नाबाद 100 रन, 52 गेंद, पांच छक्के, 10 चौके) ने अपना नाम लिखाया और उनकी इस पराक्रमी पारी की मदद से संयुक्त मेजबानों ने दो ओवरों को शेष रहते ऑस्ट्रेलिया को आठ विकेट से परास्त करने के साथ ग्रुप बी से सुपर 8 का टिकट पक्का कर लिया।

मिचेल मार्श व ट्रैविस हेड के पचासों से 182 रनों तक पहुंचे कंगारू

पहले बल्लेबाजी पर बाध्य ऑस्ट्रेलिया ने वापसी कर रहे कप्तान मिचेल मार्श (54 रन, 27 गेंद, दो छक्के, आठ चौके) और फॉर्म में लौटते प्रतीत हो रहे ट्रैविस हेड (56 रन, 29 गेंद, तीन छक्के, सात चौके) के ताबड़तोड़ अर्धशतकों के बाद अन्य बल्लेबाजों की लड़खड़ाहट के बावजूद 20 ओवरों में 182 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया।

निसांका की दो बहुमूल्य भागीदारियों से श्रीलंका ने हासिल किया लक्ष्य

जवाबी काररवाई में ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ निसांका ने न सिर्फ दूसरा टी20 अंतरराष्ट्रीय शतक जमाया वरन कुसल मेंडिस (51 रन, 38 गेंद, एक छक्का, छह चौके) के साथ 66 गेंदों 97 और पवन रत्नायके (नाबाद 28 रन, 15 गेंद, छह चौके) संग तीसरे विकेट के लिए 34 गेंदों पर 79 रनों की अटूट साझेदारी से श्रीलंका को आसान जीत दिला दी, जिसने 18 ओवरों में दो विकेट गंवाकर 184 रन बना लिए।

ऑस्ट्रेलिया को जिम्बाब्वे के हाथों भी मात खानी पड़ी थी

श्रीलंका ने लगातार तीसरी जीत से सर्वाधिक छह अंकों के साथ पांच टीमों के ग्रुप में जहां अपना शीर्ष क्रम बरकरार रखा है वहीं लगातार दूसरी पराजय के बाद ऑस्ट्रेलिया की विदाई लगभग तय हो चुकी है। अपने पहले मैच में ऑयरलैंड पर जीत के बाद कंगारुओं को जिम्बाब्वे के हाथों स्तब्धकारी हार झेलनी पड़ी थी। मौजूदा स्थिति यह है कि जिम्बाब्वे दो मैचों में चार अंक लेकर दूसरे स्थान पर है जबकि ऑस्ट्रेलिया तीन मैचों में दो अंक जुटाकर तीसरे स्थान पर है।

जिम्बाब्वे को सुपर 8 में प्रवेश के लिए सिर्फ एक जीत की दरकार

कुल मिलाकर देखें तो अब किसी करिश्मे से ही ऑस्ट्रेलिया सुपर 8 में पहुंच सकेगा क्योंकि जिम्बाब्वे को अभी श्रीलंका के अलावा आयरलैंड से खेलना है और एक जीत उसे सुपर 8 का टिकट दिला देगी। वहीं ऑस्ट्रेलिया को न सिर्फ ओमान को बड़े अंतर से हराना होगा वरन यह कामना करनी होगी कि जिम्बाब्वे अपने बचे दोनों मैच बड़े अंतर से हारे।

मार्श व हेड ने 51 गेंदों पर ठोके 104 रन

ऑस्ट्रेलियाई पारी देखें तो चोट के कारण टूर्नामेंट के शुरुआती दो मैच नहीं खेल पाए मार्श ने वापसी करते ही आक्रामक अंदाज अपनाया और तूफानी पचासा ठोक दिया। हेड भी वैसी ही रंगत में दिखे। दोनों ने मिलकर 51 गेंदों पर 104 रनों की विस्फोटक भागीदारी से ऑस्ट्रेलिया को 200 से अधिक के स्कोर की राह पर ला खड़ा किया।

आखिरी 70 गेंदों के भीतर 77 रनों की वृद्धि पर गिरे सभी 10 विकेट

लेकिन कुछ शानदार फील्डिंग और स्पिन बॉलिंग की वजह से श्रीलंका ने आखिरी 70 गेंदों के भीतर 77 रनों की वृद्धि पर पूरे 10 विकेट ले लिए। लेग स्पिनर दुशान हेमंथा (3-37) सबसे सफल गेंदबाज रहे। ऑस्ट्रेलिया ने आखिरी चार विकेट महज छह रनों के अंदर गंवा दिए।

स्कोर कार्ड

लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंका को मार्कस स्टोइनिस (2-48) की गेंद पर कुसल परेरा (एक रन) के आउट होने से दूसरे ही ओवर में झटका लगा। लेकिन इसके बाद निसांका व मेंडिस ने कमान संभाल ली। टीम को जब 10 ओवरों में 89 रनों की जरूरत थी, तभी स्टोइनिस ने मेंडिस को आउट कर दिया। लेकिन निसांका के सामने ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज बेबस नजर आए और उन्होंने करिअर के दूसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय शतक के साथ रत्नायके संग अटूट भागीदारी से दल को आसान जीत दिला दी।

इंग्लैंड ने ग्रुप सी में सुपर 8 की लाइनअप पूरी की

इसके पूर्व दिन में इंग्लैंड ने इटली को 24 रनों से हराकर ग्रुप सी में सुपर 8 की लाइनअप पूरी कर दी। इस ग्रुप से वेस्टइंडीज पहले ही सुपर 8 में पहुंच चुका है। दोनों टीमों के छह-छह अंक हैं। हालांकि इंग्लैंड अपने सभी चार मैच खेल चुका है। वहीं शीर्षस्थ विंडीज को अभी एक मैच खेलना है।

स्कोर कार्ड

कोलकाता के ईडन गार्डन्स में इंग्लैंड ने ‘प्लेयर ऑफ द मैच’  विल जैक्स (नाबाद 53 रन, 22 गेंद, चार छक्के, तीन चौके) की मदद से सात विकेट पर 202 रन बनाए। जवाब में इतालवी टीम इंग्लिश गेंदबाजी का बहादुरी पूर्वक सामना करते हुए 20 ओवरों में सभी विकेट गंवाकर 178 रनों तक जा पहुंची।

अफगानिस्तान ने दर्ज की पहली जीत

उधर ग्रुप डी में अफगानिस्तान ने अजमतुल्लाह उमरजई के हरफनमौला प्रदर्शन (नाबाद 40 रन, 15 रन देकर चार विकेट) के सहारे यूएई को पांच विकेट से हराकर पहली जीत दर्ज की। दिल्ली में खेले गए इस मैच में यूएई ने नौ विकेट पर 160 रन बनाए। जवाब में अफगानिस्तान ने 19.2 ओवरों में पांच विकेट पर 162 रन बनाकर खाता खोला।

अफगान टीम को पहले दो मैचों में क्रमशः न्यूजीलैंड व दक्षिण अफ्रीका से पराजय झेलनी पड़ी थी। ग्रुप में दक्षिण अफ्रीका तीन मैचों से पूरे छह अंक लेकर पहले ही सुपर 8 में पहुंच चुका है। न्यूजीलैंड चार अंक लेकर दूसरे स्थान पर है। न्यूजीलैंड व अफगानिस्तान, दोनों को अपने अंतिम मैच में कनाडा से खेलना है। ऐसे में उम्मीद कम ही है कि अफगानी टीम न्यूजीलैंड को पछाड़ सकेगी।

Exit mobile version