अमरेली (गुजरात), 28 मई। गुजरात के अमरेली जिले के गिर पूर्व और गिर पश्चिम इलाकों में फैली गंभीर संक्रामक बीमारी ‘बेबेसिया’ से शेरों की लगातार हो रही मौतों को लेकर वन विभाग और राज्य सरकार चिंतित हैं। बताया जाता है कि शेरों में फैलने वाले बेबेसिया संक्रमण के संदेह के चलते पूरे गिर इलाके में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है।
सूत्रों ने बताया कि जसधार पशु देखभाल केंद्र में निगरानी में रखे गए एक और शेर की मौत के साथ ही मृत शेरों की संख्या नौ तक जा पहुंची है। गिर पूर्व और गिर पश्चिम के अलग-अलग इलाकों में शेरों की मौतों के आंकड़ों और कारणों को लेकर एक गंभीर आंतरिक जांच भी शुरू कर दी गई है।
हालात की गंभीरता को देखते हुए गांधीनगर से मिले तत्काल आदेशों के बाद उन अनुभवी अधिकारियों और कर्मचारियों को फिर से फील्ड में तैनात किया गया है, जिन्होंने वर्षों तक गिर में सेवा दी है। एसीएफ राजन जाधव के साथ-साथ पांच आरएफओ, 11 वनकर्मियों और गिर के अनुभवी कर्मचारियों को अन्य रेंज से तुरंत जसधार रेंज में पहुंचने का आदेश दिया गया है।
दरअसल, मुख्यमंत्री स्तर पर हुई एक उच्चस्तरीय बैठक के बाद गांधीनगर वन विभाग की एक विशेष टीम गिर पहुंची। गिर पूर्व और गिर पश्चिम के सीमावर्ती इलाकों में जांच शुरू कर दी गई है। पीसीसीएफ भवानी पति, सीसीएफ राम रतन नाला और पशु स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ डॉक्टरों वाली इस टीम ने जसधार पशु देखभाल केंद्र पहुंचकर पूरी स्थिति का जायजा लिया।
टीम ने मृत शेरों का ब्योरा हासिल किया और साथ ही उन शेरों के स्वास्थ्य के बारे में भी जानकारी ली, जिन्हें निगरानी में रखा गया है। हालांकि, गांधीनगर से आई अधिकारियों की टीम ने मीडिया से बात करने से परहेज किया, क्योंकि जांच अब तक जारी है। पीसीसीएफ भवानी पति ने भी इस मुद्दे पर मीडिया को कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया।

