नई दिल्ली, 29 जनवरी। क्रेमलिन ने गुरुवार को कहा कि रूस ने यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की को शांति वार्ता के लिए मास्को आने का निमंत्रण दोहराया है। क्रेमलिन के विदेश नीति सलाहकार यूरी उशाकोव ने कहा कि यदि जेलेंस्की मास्को आते हैं, तो उनकी सुरक्षा की गारंटी दी जाएगी। हालांकि क्रेमलिन के इस निमंत्रण पर मॉस्को को अब तक कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली है।
दोनों देशों ने युद्ध में मारे गए सैनिकों का आदान-प्रदान किया
क्रेमलिन का यह बयान तब आया, जब दोनों देशों ने युद्ध में मारे गए सैनिकों का आदान-प्रदान किया। साथ ही उन अफवाहों पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया कि मॉस्को और कीव एक-दूसरे के ऊर्जा बुनियादी ढांचे पर हमले बंद करने पर सहमत हो गए हैं।
दोनों देशों के प्रतिनिधिमंडलों के बीच वार्ता का नया दौर रविवार को अबू धाबी में निर्धारित
रूसी और यूक्रेनी वार्ता प्रतिनिधिमंडलों के बीच अबू धाबी में वार्ता का नया दौर रविवार को निर्धारित है। इस बीच, चेचन्या में क्रेमलिन समर्थित नेता रमजान कादिरोव ने शांति के बजाय युद्ध को तेज करने का आह्वान किया। उनकी टिप्पणी कट्टरपंथियों के इस विश्वास को दर्शाती हैं कि मॉस्को जीत रहा है।
रूस ने सूमी क्षेत्र में एक और गांव पर किया कब्जा
वहीं रूसी रक्षा मंत्रालय ने कहा कि उसकी सेनाओं ने यूक्रेन के सूमी क्षेत्र में स्थित बिला बेरेजा गांव पर कब्जा कर लिया है। वहीं, यूक्रेन के दक्षिण-पूर्वी जापोरिजिया क्षेत्र में रूसी ड्रोन हमले में तीन लोग मारे गए और तीन अन्य घायल हो गए।

