नई दिल्ली, 24 मार्च। नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कम्पनी एनपीसीआई भीम सर्विसेज लिमिटेड (NBSL) ने मंगलवार को भीम पेमेंट्स एप में यूपीआई पेमेंट के लिए नया बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन फीचर लॉन्च किया है। इस नए फीचर के जरिए अब यूजर्स 5,000 रुपये तक के ट्रांजैक्शन को अपने स्मार्टफोन के फिंगरप्रिंट या फेस रिकग्निशन से मंजूरी दे सकेंगे, जिससे पेमेंट पहले से ज्यादा तेज और आसान हो जाएगा।
इस फीचर के साथ यूजर्स को छोटे ट्रांजैक्शन के लिए हर बार यूपीआई पिन डालने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इससे गलत पिन डालने या पिन भूलने की वजह से फेल होने वाले पेमेंट भी कम होंगे और यूजर एक्सपीरियंस बेहतर होगा। यह बायोमेट्रिक फीचर दोस्तों और परिवार को पैसे भेजने, दुकानदारों के क्यूआर कोड स्कैन करने और ऑनलाइन पेमेंट करने जैसे सामान्य ट्रांजैक्शन में इस्तेमाल किया जा सकता है।
एनबीएसएल की एमडी और सीईओ ललिता नटराज ने इस नए फीचर पर कहा कि इस एप का उद्देश्य डिजिटल पेमेंट को आसान, सुरक्षित और सभी के लिए सुलभ बनाना है। उन्होंने कहा कि बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन से रोजमर्रा के पेमेंट आसान हो जाएंगे और सुरक्षा भी बनी रहेगी। उन्होंने यह भी बताया कि फिंगरप्रिंट या फेस से ट्रांजैक्शन कन्फर्म करने से पिन पर निर्भरता कम होगी और पेमेंट सीधे यूजर से जुड़ा रहेगा, जिससे सुरक्षा मजबूत होगी।
5 हजार रुपये से ज्यादा के ट्रांजैक्शन के लिए अब भी UPI पिन अनिवार्य
यह नया फीचर सुरक्षा को भी बढ़ाता है क्योंकि फिंगरप्रिंट और फेस डेटा यूजर के डिवाइस में ही सुरक्षित रहता है, जिससे पिन शेयर होने या उसके गलत इस्तेमाल का खतरा कम हो जाता है। हालांकि, पांच हजार रुपये से ज्यादा के ट्रांजैक्शन के लिए यूजर्स को अब भी यूपीआई पिन डालना होगा, जिससे बड़े पेमेंट के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बनी रहेगी। फिलहाल यह फीचर उन एंड्रॉएड और आईओएस डिवाइस पर उपलब्ध है, जिनमें फिंगरप्रिंट या फेस रिकग्निशन की सुविधा मौजूद है।

