Site icon hindi.revoi.in

पेपर लीक की आशंका के चलते NEET UG रद : अब सीबीआई करेगी जांच, इसी माह हुई थी परीक्षा

Social Share

नई दिल्ली, 12 मई। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने पेपर लीक की आशंका के चलते राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-UG) 2026 रद करने का फैसला किया है। अब यह परीक्षा दोबारा आयोजित की जाएगी जबकि इस प्रकरण की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) करेगी।

परीक्षा की नई तिथियां जल्द घोषित की जाएंगी

गौरतलब है कि NEET-UG इसी माह की तीन तारीख को आयोजित की गई थी। इसके पेपर लीक होने को लेकर विवाद बढ़ गया था। इसके बाद NTA ने परीक्षा रद करने का फैसला लिया है। एजेंसी ने मंगलवार को जारी बयान में कहा कि तीन मई 2026 को आयोजित हुई NEET UG अब दोबारा कराई जाएगी। नई परीक्षा की तारीखें जल्द घोषित की जाएंगी।

जांच एजेंसियों की रिपोर्ट की समीक्षा के बाद लिया गया फैसला

NTA ने कहा कि 10 मई की प्रेस रिलीज के क्रम में यह फैसला लिया गया है। एजेंसी के अनुसार आठ मई को परीक्षा से जुड़े मामलों को स्वतंत्र जांच और जरूरी काररवाई के लिए केंद्रीय एजेंसियों को भेजा गया था। इसके बाद केंद्रीय जांच एजेंसियों और कानून प्रवर्तन एजेंसियों से मिले इनपुट और जांच रिपोर्ट की समीक्षा की गई। पेपर लीक होने को लेकर CBI जांच के भी आदेश दिए गए हैं।

एजेंसी ने कहा कि एग्जाम सिस्टम में पारदर्शिता बनाए रखने और निष्पक्ष व विश्वसनीय परीक्षा तय करने के लिए यह कदम उठाया गया है। नई परीक्षा की तारीख, एडमिट कार्ड जारी करने का शेड्यूल और अन्य जरूरी जानकारी जल्द ही एजेंसी की आधिकारिक वेबसाइट और अन्य आधिकारिक माध्यमों से जारी की जाएगी। NTA ने छात्रों, अभिभावकों और आम लोगों से अपील की है कि वे केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें।

पेपर लीक मामले में अब तक 45 से ज्यादा लोग हिरासत में

इस बीच नीट पेपर लीक मामले में राजस्थान पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) ने अब तक 45 से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया है। मामले में कई राज्यों में छापेमारी और पूछताछ जारी है। सोमवार तक इस मामले में 13 संदिग्धों को हिरासत में लिया गया था।

NEET में 22 लाख छात्रों ने लिया था हिस्सा

NEET-UG में इस बार करीब 22 लाख छात्रों ने हिस्सा लिया था। अब पेपर लीक मामले की जांच में राजस्थान पुलिस की स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) दो बड़े एंगल पर काम कर रही है। पहला, परीक्षा प्रश्नपत्र के प्रिंटिंग और प्रेस में छपाई के दौरान पेपर लीक हुआ हो सकता है। दूसरा, जांच एजेंसियों को शक है कि पेपर सेट करने से जुड़े किसी व्यक्ति की ओर से भी प्रश्नपत्र लीक किया गया हो सकता है। मामले की गंभीरता को देखते हुए ही केंद्र सरकार ने इस केस की जांच सीबीआई को सौंपी है।

एक गेस पेपर से कैसे निकला लीक विवाद?

उल्लेखनीय है कि इस बार विवाद कथित गेस पेपर से जुड़ा है, जिसे लेकर राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) पर सवाल उठ रहे थे। दावा है कि परीक्षा से पहले छात्रों के बीच एक ऐसा गेस पेपर पहुंचा था, जिसमें शामिल 720 में से करीब 600 नंबर के प्रश्न असली परीक्षा से हूबहू मेल खा रहे थे। NEET UG के बाद सामने आए इस दावे ने लाखों छात्रों और अभिभावकों की चिंता बढ़ा दी थी।

600 नंबर के 150 प्रश्न हूबहू थे पेपर में शामिल!

राजस्थान SOG की जांच में सामने आया है कि गेस पेपर में करीब 410 प्रश्न थे। दावा किया जा रहा है कि इनमें से करीब 150 प्रश्न, जो कुल 600 अंक के थे, हूबहू NEET UG 2026 के पेपर में पूछे गए थे। NEET UG परीक्षा कुल 720 अंकों की होती है और हर प्रश्न चार अंक का होता है, ऐसे में इतने बड़े लेवल पर सवालों का मिलना बेहद गंभीर माना जा रहा है। जांच से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, कथित ‘क्वेश्चन बैंक’ का लिंक एक युवक से जुड़ रहा है, जो फिलहाल केरल के एक मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहा है।

Exit mobile version