Site icon Revoi.in

नीरज चोपड़ा ने पेरिस 2024 में भारत को दिलाया पहला रजत पदक, पाकिस्तानी अरशद नदीम के हाथों गंवाया भाला प्रक्षेप का खिताब

Social Share

पेरिस, 8 अगस्त। मौजूदा विश्व चैम्पियन स्टार भाला प्रक्षेपक नीरज चोपड़ा पेरिस ओलम्पिक खेलों में गुरुवार की रात उस खिताब की रक्षा नहीं कर सके, जो उन्होंने टोक्यो 2020 में जीता था। नीरज ने अपना खिताब पाकिस्तानी प्रक्षेपक अरशद नदीम के हाथों गंवा दिया, जिन्होंने 92.97 मीटर के प्रक्षेप से न सिर्फ ओलम्पिक रिकॉर्ड तोड़ा वरन ओलम्पिक की किसी व्यक्तिगत स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने वाले पाकिस्तान के पहले एथलीट बन गए।

नीरज ने किया करिअर का दूसरा सर्वश्रेष्ठ प्रक्षेप (89.45 मीटर) 

फिलहाल 26 वर्षीय कद्दावर एथलीट नीरज ने स्टेड डी फ्रांस में दूसरे प्रयास में करिअर का दूसरे सर्वश्रेष्ठ प्रक्षेप (89.45 मीटर) किया और मौजूदा संस्करण में भारत को न सिर्फ पहला रजत पदक दिलाया वरन वह ओलम्पिक में दो पदक जीतने वाले स्वतंत्र भारत के पहले ट्रैक एंड फील्ड एथलीट भी बन गए। ग्रेनाडा के एंडरसन पीटर्स ने चौथे प्रयास में 88.54 मीटर के प्रक्षेप से पोडियम पूरा किया और कांस्य पदक जीता।

फाइनल में चोपड़ा छह में सिर्फ एक सही प्रक्षेप कर सके

देखा जाए तो सिर्फ दूसरे प्रयास को छोड़ अन्य सभी पांच प्रयासों में नीरज ने फाउल किया। गनीमत रही कि उनका एक ही थ्रो रजत पदक के लिए पर्याप्त साबित हुआ। इससे पहले 10 मुकाबलों में नीरज ने हमेशा नदीम को हराया था, लेकिन पेरिस खेलों के फाइनल में नदीम शुरुआत से आगे निकल गए।

इसके पहले 10 मुकाबलों में नदीम को नीरज ने हराया था

नीरज ने दो दिन पूर्व क्वालीफिकेशन राउंड के अपने पहले ही प्रयास में सीजन का अपना सर्वश्रेष्ठ थ्रो (89.34 मीटर) किया था। हालांकि, उनका व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ स्कोर 89.94 मीटर है, जिसे उन्होंने 2022 में स्टॉकहोम डायमंड लीग में हासिल किया था। वही भारत का राष्ट्रीय रिकॉर्ड भी है।

ओलम्पिक में दो पदक जीतने वाले एलीट क्लब में शामिल

खैर, इस उपलब्धि से नीरज चोपड़ा ओलम्पिक में स्वतंत्रता के बाद देश के लिए दो पदक जीतने वाले चार एथलीटों के एलीट क्लब में शामिल हो गए। नीरज से पहले पहलवान सुशील कुमार, बैडमिंटन स्टार पीवी सिंधु और निशानेबाज मनु भाकर ने यह उपलब्धि अपने नाम की है। सुशील कुमार ने बीजिंग 2008 में कांस्य और लंदन 2012 में रजत पदक जीता जबकि सिंधु ने महिला एकल मुकाबले में रियो 2016 में रजत और टोक्यो 2020 में कांस्य पदक अपने नाम किया था। महिला निशानेबाज मनु भाकर ने इस बार व्यक्तिगत और मिश्रित स्पर्धा में कांस्य पदक जीता है।

भारत के खाते में अब एक रजत व 4 कांस्य सहित 5 पदक

चोपड़ा के इस प्रदर्शन के बाद पेरिस 2024 में भारत के पदकों की संख्या पांच हो गई है, जिनमें एक रजत व चार कांंस्य पदक शामिल हैं। इसके पूर्व दिन में पुरुष हॉकी टीम ने तीसरे स्थान के प्लेऑफ मैच में स्पेन को 2-1 से हराकर लगातार दूसरी बार कांस्य जीता। देश को तीन अन्य कांस्य पदक निशानेबाजी में  मिले हैं। उनमें मनु भाकर ने महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल और मिश्रित टीम 10 मीटर एयर पिस्टल (सरबजोत सिंह के साथ) स्पर्धाओं में दो कांस्य पदक जीते जबकि स्वप्निल कुसाले ने पुरुषों की 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशंस में कांस्य पदक जीता।

पीएम मोदी ने दी बधाई, बोले – नीरज चोपड़ा उत्कृष्टता के साक्षात उदाहरण

इस बीच पीएम मोदी ने भी नीरज चोपड़ा की इस उपलब्धि पर उन्हें बधाई दी है। उन्होंने X पर पोस्ट में लिखा, ‘नीरज चोपड़ा उत्कृष्टता के साक्षात उदाहरण हैं! उन्होंने बार-बार अपनी प्रतिभा दिखाई है। भारत को खुशी है कि वह एक बार फिर ओलम्पिक में सफल रहे हैं। रजत पदक जीतने पर उन्हें बधाई। वह आने वाले अनगिनत एथलीटों को अपने सपनों को पूरा करने और हमारे देश को गौरवान्वित करने के लिए प्रेरित करते रहेंगे।’

नदीम ने 92.97 मी. के प्रक्षेप से बनाया नया ओलम्पिक रिकॉर्ड

अरशद नदीम की बात करें तो 12 फाइनलिस्टों के बीच 90 मीटर से ज्यादा दूरी तक भाला फेंकने वाले वह इकलौते एथलीट रहे। इस 32 वर्षीय प्रक्षेपक ने नीरज की ही भांति अपने पहले प्रयास में फाउल किया, लेकिन दूसरे प्रयास में 92.97 मीटर के प्रक्षेप से उन्होंने ओलम्पिक रिकॉर्ड तोड़ दिया और पाकिस्तानी ओलम्पिक इतिहास में नए अध्याय का सृजन कर दिया।

पाकिस्तान ने 32 वर्षों बाद ओलम्पिक में कोई पदक जीता

अपने छठे व अंतिम प्रयास में भी 91.79 मीटर का थ्रो करने वाले नदीम के सहारे पाकिस्तान 32 वर्षों बाद कोई ओलम्पिक पदक जीतने में सफल हुआ। अंतिम बार उसने बार्सिलोना 1992 में पुरुष हॉकी का कांस्य पदक जीता था।