Site icon hindi.revoi.in

ओलम्पिक पदक विजेता नीरज चोपड़ा पोलैंड में भी जूलियन वेबर के बाद दूसरा स्थान पा सके

Social Share

चोरजोव (पोलैंड), 23 मई। लगातार दो बार के ओलम्पिक पदक विजेता भारत के स्टार भाला प्रक्षेपक नीरज चोपड़ा शुक्रवार को यहां आयोजित ओरलेन जानुस कुसोसिन्स्की मेमोरियल प्रतियोगिता में भी जर्मनी के जूलियन वेबर के पीछे दूसरे स्थान पर रहे।

सर्वश्रेष्ठ लय में नहीं दिखे चोपड़ा

दरअसल, 27 वर्षीय चोपड़ा अपनी सर्वश्रेष्ठ लय में नहीं दिखे। सिलेसियन स्टेडियम में दिन की बारिश के बाद आसमान में बादल छाए रहने के बीच आयोजित स्पर्धा के अंतिम दौर से पहले तीसरे स्थान पर थे। फिलहाल उन्होंने अपने छठे और अंतिम प्रयास में 84.14 मीटर प्रक्षेप किया और दूसरे स्थान पर पहुंच गए।

फेडरेशन कप 2024 के बाद पहली बार 85 मीटर से कम का सर्वश्रेष्ठ थ्रो

चोपड़ा ने अपने दूसरे और पांचवें प्रयास में क्रमशः 81.28 मीटर और 81.80 मीटर की दूरी तय की थी। उनके अन्य तीन प्रयास फाउल थे। यह भुवनेश्वर में 2024 फेडरेशन कप में 82.27 मीटर के प्रयास के बाद पहली बार है, जब चोपड़ा ने किसी स्पर्धा में 85 मीटर से कम का सर्वश्रेष्ठ थ्रो दर्ज किया था।

पिछले हफ्ते दोहा में नीरज ने पहली बार पार की थी 90 मीटर की दूरी

उल्लेखनीय है कि गत 16 मई को दोहा डायमंड लीग में चोपड़ा ने 90.23 मीटर दूर तक भाला फेंका था। उनके करिअर में यह पहली बार था, जब उन्होंने किसी स्पर्धा में 90 मीटर से अधिक की दूरी तय की थी। हालांकि दोहा में भी वह वेबर (91.06 मीटर) के बाद दूसरे स्थान पर थे।

वेबर यहां दूसरे दौर में 86.12 मीटर के थ्रो के साथ फिर से शीर्ष स्थान पर रहे। दो बार के विश्व चैंपियन ग्रेनेडा के एंडरसन पीटर्स 83.24 मीटर के सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ तीसरे स्थान पर रहे। वह दोहा में भी तीसरे स्थान पर रहे थे।

Exit mobile version