Site icon hindi.revoi.in

बिहार चुनाव : NDA में सीटों के बंटवारे की घोषणा आज, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप बोले – ‘सब लगभग फाइनल है’

Social Share

पटना, 10 अक्टूबर। बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) में सीटों के बंटवारे की घोषणा शनिवार शाम तक कर दी जाएगी। भाजपा की बिहार इकाई के अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने शुक्रवार को मीडिया से बातचीत में कहा कि सीट शेयरिंग पर करीब-करीब निर्णय हो चुका है और शनिवार को दिल्ली या पटना में इसकी घोषणा कर दी जाएगी।

राजद और कांग्रेस के आधा दर्जन विधायक जल्द ही भाजपा में शामिल होंगे

बिहार भाजपा कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत में दिलीप जायसवाल ने कहा कि घटक दलों के बीच वार्ता लगभग पूरी हो चुकी है। सीट बंटवारे पर निर्णय करीब-करीब हो चुका है। शनिवार की शाम तक सीट बंटवारे की घोषणा होगी। जायसवाल ने यह भी बताया कि राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और कांग्रेस के आधा दर्जन विधायक अगले दो दिनों में भाजपा में शामिल होंगे। माना जा रहा है कि 2024 में नीतीश सरकार के फ्लोर टेस्ट के दौरान एनडीए का साथ देने वाले मुरारी गौतम, भरत बिंद जैसे कुछ विधायक भाजपा के टिकट पर लड़ेंगे। ये सारे लोग विधानसभा से इस्तीफा दे रहे हैं।

नित्यानंद राय ने चिराग पासवान को राजी किया

जहां तक एनडीए में सीटों के तालमेल की सवाल है तो शुक्रवार की सुबह भाजपा नेता नित्यानंद राय ने सबसे पहले 30-40 सीट मांग रहे चिराग पासवान को राजी किया। उन्हें राज्यसभा और विधान परिषद सीट भी मिलने की चर्चा है। नित्यानंद कल तीन बार चिराग के घर गए थे और रात में उनके साथ धर्मेंद्र प्रधान भी थे।

जीतनराम मांझी और उपेंद्र कुशवाहा भी संतुष्ट

चिराग को सेट करने के बाद 15 सीट मांग रहे जीतनराम मांझी को फाइनल ऑफर दिया गया और बताया जा रहा है कि वो तैयार हो गए हैं। बिहार भाजपा प्रभारी विनोद तावड़े ने उपेंद्र कुशवाहा के घर जाकर उन्हें भी अंतिम ऑफर बता दिया और उनके भी राजी होने की खबर है।

Exit mobile version