Site icon hindi.revoi.in

NDA नेताओं को अनेक चुनावों में जीत पर संतुष्ट होकर नहीं बैठ जाना चाहिए, बैठक में PM मोदी ने दी नसीहत

Social Share

नई दिल्ली, 3 फरवरी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के नेताओं से मंगलवार को कहा कि गठबंधन अपनी जन-केंद्रित नीतियों एवं कड़ी मेहनत की वजह से विभिन्न चुनाव जीत रहा है और उसके नेताओं को चुनावी विजय को लेकर आत्मसंतुष्टि की भावना से बचना चाहिए।

संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू ने राजग संसदीय दल की बैठक के बाद संवाददाताओं से कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने राजग के घटक दलों के सांसदों से कहा कि उन्हें स्थानीय निकाय समेत विभिन्न चुनावों में अपनी जीत से संतुष्ट होकर नहीं बैठ जाना चाहिए, बल्कि अच्छा काम करते रहना चाहिए। राजग नेताओं ने 39 देशों के साथ व्यापार समझौते सफलतापूर्वक पूरा करने के लिए बैठक में प्रधानमंत्री मोदी का सम्मान किया।

भारत और अमेरिका के व्यापार समझौते पर सहमत होने का जिक्र करते हुए रीजीजू ने कहा कि पूरे देश में इसे लेकर उत्साह का माहौल है। इसके तहत अमेरिका भारतीय उत्पादों पर शुल्क को मौजूदा 25 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत कर देगा। उन्होंने कहा, ”सांसदों में इस बात को लेकर उत्साह है कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में ये व्यापार समझौते पूरे हुए हैं। कुल 39 देशों के साथ व्यापार समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए हैं। यह ऐतिहासिक है। ये सभी 39 देश विकसित देश हैं…यह ऐतिहासिक है। देश में बहुत अच्छा माहौल रहा है।”

शिवसेना सांसद मिलिंद देवड़ा ने कहा, “प्रधानमंत्री मोदी ने सभी सांसदों को समझाया कि सरकार भारत के पक्ष में काम करती है, चाहे वह व्यापार समझौता हो या बजट।” उन्होंने कहा, “भारत और अमेरिका तथा भारत-यूरोप के बीच व्यापार समझौते का श्रेय प्रधानमंत्री मोदी को जाता है। यह उनके दृढ़ संकल्प की वजह से हुआ है। व्यापार समझौते से छोटे कारोबारियों को फायदा होगा।”

रीजीजू ने कहा कि प्रधानमंत्री ने लोकसभा और राज्यसभा सदस्यों को अपने संसदीय कार्यों और कल्याणकारी कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए व्यापक दिशानिर्देश दिए। केंद्रीय मंत्री ने कहा, “प्रधानमंत्री ने कहा कि राजग अपने अच्छे काम की वजह से एक के बाद एक चुनाव जीत रहा है। उन्होंने कहा कि चुनाव जमीन पर उतरे बिना नहीं जीते जा सकते। हमें जमीन पर रहना होगा और लोगों की भलाई के लिए अच्छा काम करना होगा।”

भाजपा के नए अध्यक्ष नितिन नवीन का बैठक में औपचारिक स्वागत किया गया। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा), जनता दल-यूनाइटेड (जदयू), लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास), शिवसेना, जनता दल (सेक्युलर) और राजग के अन्य दलों के सदस्य बैठक में शामिल हुए। बैठक में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह, स्वास्थ्य मंत्री जे पी नड्डा, अपना दल की नेता और केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल, राकांपा नेता प्रफुल्ल पटेल, शिवसेना नेता श्रीकांत शिंदे, राष्ट्रीय लोक मोर्चा के नेता उपेंद्र कुशवाहा और अन्य नेता शामिल हुए।

Exit mobile version