Site icon hindi.revoi.in

भारत में कोरोना संकट : नए संक्रमितों के 47 फीसदी मामले अकेले केरल से, 24 घंटे में 18 हजार से ज्यादा केस

Social Share

नई दिल्ली, 25 जुलाई। देश के अधिकतर हिस्सों में कोविड-19 के मामले भले ही कम हो रहे हैं, लेकिन केरल की स्थिति बहुत विकट हो चुकी है, जहां संक्रमण का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। इसका अंदाजा सहज ही लगाया जा सकता है कि शनिवार को राष्ट्रीय स्तर पर पाए गए कुल नए संक्रमितों में 46.63 फीसदी मामले सिर्फ केरल में दर्ज किए गए। हालांकि समग्र रूप से देखें तो एक दिन की बढ़ोतरी के बाद देश में इलाजरत मरीजों की संख्या में मामूली गिरावट रही।

केरल में एक्टिव केस 1.38 लाख से ज्यादा

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से जारी नवीनतम बुलेटिन के अनुसार केरल में शनिवार को कुल 18,531 नए केस सामने आए जबकि 15,507 लोग स्वस्थ घोषित किए गए। इस दौरान 98 लोगों की मौत हुई। एक्टिव केस में 2,926 की दैनिक वृद्धि के साथ राज्य में इलाजरत मरीजों की संख्या 1.38 लाख से ज्यादा कुल 1,38,626 तक जा पहुंची है।

24 घंटे के दौरान 16 राज्यों में बढ़े सक्रिय मामले

केरल के अलावा दिल्ली, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, राजस्थान और पूर्वोत्तर सहित 16 राज्यों में 24 घंटे के भीतर एक्टिव केस बढ़े। हालांकि केरल को छोड़ अन्य सभी राज्यों में दैनिक आधार आ रहे नए संक्रमितों की संख्या सात हजार से कम है। यहां तक कि केरल से पहले सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य महाराष्ट्र में भी शनिवार को 6,269 केस आए जबकि 7,332 लोग स्वस्थ घोषित किए गए और 224 लोगों की मौत हुई। राज्य में एक्टिव केस की संख्या अब 96,833 है।

राष्ट्रीय स्तर पर 39,742 नए केस 39,972 स्वस्थ
मंत्रालय के अनुसार बीते 24 घंटे के दौरान राष्ट्रीय स्तर पर 39,742 नए केस दर्ज किए गए जबकि 39,972 लोग स्वस्थ घोषित किए गए और 535 लोगों की मौत हुई। देश में अब तक कुल 3.13 करोड़ से ज्यादा लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है जबकि लगभग 3.05 करोड़ लोग स्वस्थ हो चुके हैं। हालांकि इस दौरान 4.20 लाख से ज्यादा लोगों की मौत भी हो चुकी है जबकि 4.08 लाख लोगों का इलाज जारी है।

वैक्सीन लगवा चुके लोगों की संख्या 43.31 करोड़ के पार

इस बीच देश में कोरोनारोधी टीकाकरण अभियान के तहत शनिवार को 50 लाख से ज्यादा लोगों को टीके लगाए गए। इसके साथ वैक्सीन की पहली या दूसरी डोज ले चुके लोगों की संख्या 43.31 करोड़ के पार जा पहुंची है। उधर आईसीएमआर के आंकड़ों के अनुसार अब तक देश में लगभग 45.43 करोड़ लोगों के सैम्पल की जांच की जा चुकी है।

स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी कोविड आंकड़ों पर एक नजर –
24 घंटे के दौरान नए संक्रमित : 39,742
24 घंटे के दौरान स्वस्थ मरीज : 39,972
24 घंटे के दौरान कुल मौतें : 535
अब तक कुल संक्रमित : 3,13,71,901
अब तक कुल स्वस्थ : 3,05,43,138
रिकवरी दर : 97.36%
अब तक कुल मौतें : 4,20,551
मृत्यु दर : 1.34%
इलाजरत मरीज : 4,08,212 (दैनिक गिरावट 765)
सक्रियता दर : 1.30%
24 घंटे के दौरान टीककरण : 51,18,210
190 दिनों में कुल टीकाकरण : 43,31,50,864
24 घंटे के दौरान सैम्पल की जांच : 17,18,756
अब तक कुल सैम्पल की जांच : 45,42,61,734.

Exit mobile version