Site icon Revoi.in

आंध्र प्रदेश : चंद्रबाबू नायडू सर्वसम्मति से चुने गए विधायक दल के नेता, बुधवार को लेंगे शपथ

Social Share

विजयवाड़ा 11 जून। तेलुगु देशम पार्टी (TDP) सुप्रीमो एन. चंद्रबाबू नायडू को मंगलवार को सर्वसम्मति से विधायक दल का नेता चुन लिया गया। तेदेपा, जन सेना और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नवनिर्वाचित विधायकों की यहां बैठक में जन सेना प्रमुख के पवन कल्याण ने विधायक दल के नेता के रूप में नायडू के नाम का प्रस्ताव रखा और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डी. पुरंदेश्वरी ने इसका समर्थन किया।

तेदेपा की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष के. अच्चेन्नायडू ने जोरदार तालियों के बीच तीनों दलों के विधायकों की ओर से सर्वसम्मति से नायडू को विधायक दल का नेता चुने जाने की घोषणा की। नायडू ने तीनों दलों के विधायकों को उन्हें अपना नेता चुनने के लिए धन्यवाद दिया। कल्याण और पुरंदेश्वरी ने भी नायडू को विधायक दल का नेता चुनने के लिए विधायकों को धन्यवाद दिया।

एनडीए गठबंधन के नेताओं ने राज्यपाल को सौंपा समर्थन पत्र

बैठक के बाद अच्चेन्नायडू, पुरंदेश्वरी और नादेंदला मनोहर ने राज्यपाल एस. अब्दुल नजीर से मुलाकात की। एनडीए गठबंधन के नेताओं ने चंद्रबाबू को विधायक दल का नेता चुने जाने का पत्र राज्यपाल को सौंपा और उनसे नई सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किए जाने की अपील की। राज्यपाल ने नायडू को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित भी कर दिया।

पीएम मोदी सहित राजग के कई नेता शपथ समारोह में शामिल होंगे

तेदेपा सूत्रों के अनुसार चंद्रबाबू नायडू बुधवार को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। सीएम के साथ कुछ अन्य मंत्रियों के भी शपथ लेने की संभावना है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कई मुख्यमंत्री, कैबिनेट मंत्री और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के नेता उपस्थित रहेंगे।