Site icon hindi.revoi.in

मुंबई इंडियंस ने जीती महिला प्रीमियर लीग की पहली ट्रॉफी, दिल्ली कैपिटल्स रोमांचक फाइनल में 7 विकेट से परास्त

Social Share
FacebookXLinkedinInstagramTelegramWhatsapp

मुंबई, 26 मार्च। मुंबई इंडियंस ने रविवार को यहां अंतिम ओवर तक खिंचे रोमांचक खिताबी मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स को तीन गेंदों के शेष रहते सात विकेट से हरा दिया और टाटा महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) की पहली ट्रॉफी अपने नाम कर ली।

नैट सिवर-ब्रंट की मैच जिताऊ पारी

ब्रेबोर्न स्टेडियम की दूधिया रोशनी में पहले बल्लेबाजी करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स की टीम हेली मैथ्यूज (3-5), इजी वोंग (3-42) व एमेलिया केर (2-18) की कसी गेंदबाजी के सामने नौ विकेट पर 131 रनों तक पहुंच सकी। जवाब में ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ नैट सिवर-ब्रंट की एक और बहुमूल्य पारी (नाबाद 60 रन, 55 गेंद, सात चौके) की मदद से मुंबई इंडियंस ने 19.3 ओवरों में तीन विकेट पर 134 रन बना लिए।

सिवर-ब्रंट और हरमनप्रीत के बीच 72 रनों की ठोस साझेदारी

अपेक्षाकृत कमजोर लक्ष्य के सामने मुंबई इंडियंस की शुरुआत हालांकि अच्छी नहीं रही और चार ओवरों के भीतर ही उसकी दोनों ओपनर हेली मैथ्यूज (13) और यस्तिका भाटिया (4) लौट गईं। लेकिन इसके बाद सिवर-ब्रंट ने मोर्चा संभाला। उन्होंने कप्तान हरमनप्रीत कौर (37 रन, 48 गेंद, पांच चौके) के साथ 75 गेंदों पर 72 रनों की धीमी, लेकिन ठोस भागीदारी कर दी।

हरमनप्रीत 17वें ओवर की पहली गेंद पर रन आउट हुईं तो टीम को 23 गेंदों पर 37 रनों की दरकार थी। लेकिन सिवर-ब्रंट और नई बल्लेबाज एमेलिया केर (नाबाद 14 रन, आठ गेंद, दो चौके) ने धैर्य नहीं खोया और ब्रंट ने अंतिम ओवर में एलिस कैप्सी की तीसरी गेंद पर विजयी चौका जड़ा।

कैपिटल्स के 6 विकेट 6 रनों की वृद्धि पर जा गिरे

इसके पूर्व दिल्ली कैपिटल्स की पारी में एक भी बड़ी भागीदारी देखने को नहीं मिली। हालांकि एक समय टीम का स्कोर 11वें ओवर में तीन विकेट पर 73 रन था। लेकिन यहीं केर और मैथ्यूज ने ऐसा दवाब बढ़ाया कि छह रनों की वृद्धि पर छह विकेट गिर गए (9-79)। इनमें सर्वोच्च स्कोरर कप्तान मेग लैनिंग (35 रन, 29 गेंद, पांच चौके) भी रहीं, जो पारी की शुरुआत करने उतरी थीं।

स्कोर कार्ड

गनीमत रही कि शिखा पांडेय (नाबाद 27 रन, 17 गेंद, एक छक्का, तीन चौके) व राधा यादव (नाबाद 27 रन, 12 गेंद, दो छक्के, दो चौके) ने 24 गेंदों पर तेज 52 रनों की साझेदारी से दल को लड़ने लायक स्कोर दिया। हालांकि दिल्ली की गेंदबाजों ने अंत तक मैच लड़ाया, लेकिन ब्रंट और केर ने धैर्य बरकरार रखते हुए मुंबई की जीत सुनिश्चित कर दी।

मेग लैनिंग को ऑरेंज कप तो मैथ्यूज पर्पल कैप विजेता के साथ ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ 

फिलहाल दिल्ली कैपिटल्स की खिलाड़ियों का संघर्षपूर्ण प्रदर्शन काबिलेतारीफ रहा। दिल्ली के लिए संतोष की बात यह भी रही कि कप्तान मेग लैनिंग ऑरेंज कैप जीतने में सफल रहीं। उन्होंने नौ मैचों में सर्वाधिक 345 रन बनाए। वहीं मुंबई की ऑफ स्पिनर हेली मैथ्यूज पर्पल कैप विजेता के अलावा ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ घोषित की गई। उन्होंने 10 मैचों में 34 ओवरों की गेंदबाजी की और 202 रन देकर 5.94 के इकॉनमी रेट से सर्वाधिक 16 विकेट लिए। साथ ही 271 रन भी बनाए।  यस्तिका भाटिया को एमर्जिंग प्लेयर ऑफ द सीजन अवार्ड से नवाजा गया। उन्होंने टूर्नामेंट में कुल 214 रन बनाए।

Exit mobile version