Site icon hindi.revoi.in

आईपीएल-18 : मुंबई इंडियंस की टीम अयोध्या पहुंची, खिलाड़ियों ने रामलला के दर्शन किए

Social Share

अयोध्या, 3 अप्रैल। पांच बार के पूर्व चैम्पियन मुंबई इंडियंस की टीम टाटा इंडियन प्रीमियर लीग (IPL-18) 2025 में चार अप्रैल को लखनऊ में लखनऊ सुपर जाएंट्स के साथ प्रस्तावित मुकाबले से पहले गुरुवार को अयोध्या पहुंची। टीम के कई खिलाड़ियों ने श्री रामलला के दरबार में मत्था टेका और हनुमान गढ़ी में बजरंग बली के भी दर्शन किए।

मुंबई इंडियंस ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर टीम के खिलाड़ियों की अयोध्या में प्रभु श्रीराम का आशीर्वाद लेने वाली तस्वीरें भी शेयर की हैं। तस्वीर में सूर्यकुमार यादव, उनकी पत्नी देविशा शेट्टी, दीपक चाहर और उनकी पत्नी जया भारद्वाज, तिलक वर्मा और कर्ण शर्मा प्रभु श्रीराम का आशीर्वाद पाकर बहुत खुश नजर आ रहे हैं।

सूर्यकुमार यादव ने भी इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर की। इसमें वह पत्नी देविशा शेट्टी के साथ अयोध्या के राम मंदिर में पूजा-अर्चना करते नजर आए। सूर्यकुमार यादव ने पोस्ट के कैप्शन में लिखा, ‘जय भगवान राम।’

सूर्या के अलावा दीपक चाहर की पत्नी जया ने भी इंस्टाग्राम पर राम मंदिर दर्शन की तस्वीरें और वीडियो साझा किए हैं। उन्होंने इसके कैप्शन में लिखा, ‘जय श्री राम।’ कर्ण शर्मा ने जया के वीडियो को अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी बनाई। तिलक वर्मा ने भी इंस्टाग्राम पर भगवान राम के दरबार वाली तस्वीर शेयर की। इसके कैप्शन में उन्होंने लिखा, ‘जय श्री राम।’

दरअसल, लखनऊ और अयोध्या के बीच की दूरी लगभग 2 घंटे 40 मिनट है। मीडिया खबरों में कहा गया है कि मुंबई इंडियंस के क्रिकेटरों ने आध्यात्मिक स्थल की यात्रा के लिए एक दिन की छुट्टी ली थी।

आईपीएल के मौजूदा संस्करण में यदि दोनों टीमों के प्रदर्शन पर नजर दौड़ाएं तो यह उनका चौथा मैच होगा। दोनों टीमों ने तीन मैचों में दो पराजय व एक जीत से दो-दो अंक अर्जित किए हैं। फिलहाल अंक तालिका में मुंबई इंडियंस पांचवें और एलएसजी छठे स्थान पर है।

Exit mobile version